राहुल गांधी की एंट्री से हरियाणा IPS सुसाइड केस में बढ़ा सियासी ताप, प्रभावित परिवार से कर रहे बात
हरियाणा IPS पूरन कुमार सुसाइड केस में राहुल गांधी चंडीगढ़ पहुंच चुके हैं, थोड़ी देर में पीड़ित परिवार से मिलेंगे। सरकार ने DGP कपूर को छुट्टी पर भेजकर ओपी सिंह को कार्यकारी DGP बनाया। सियासत गरमाई।
➤ डीजीपी कपूर छुट्टी पर भेजे गए
➤ ओपी सिंह नए कार्यकारी डीजीपी बने
➤ राहुल गांधी थोड़ी देर में पीड़ित परिवार से मिलेंगे
हरियाणा पुलिस प्रशासन में मचे सियासी घमासान के बीच अब कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की एंट्री इस केस को एक नया मोड़ देने जा रही है। आईपीएस वाई. पूरन कुमार सुसाइड केस में जहाँ सरकार और अफसरशाही पर सवालों की बौछार हो रही है, वहीं अब राहुल गांधी चंडीगढ़ पहुंच चुके हैं और थोड़ी देर में पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे।
सुबह से ही सेक्टर-24 स्थित आईएएस अमनीत पी. कुमार के सरकारी आवास के बाहर पुलिस बल तैनात है। एरिया में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, हर गेट पर बैरिकेडिंग की गई है। राहुल गांधी के आगमन को लेकर चंडीगढ़ एयरपोर्ट से लेकर सेक्टर-24 तक का रूट सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर हरियाणा की राजनीति में तेज हलचल है। कांग्रेस इसे “न्याय यात्रा की भावना से जुड़ा मानवीय दौरा” बता रही है, जबकि सरकार के भीतर इस मुलाकात को लेकर सियासी गर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी आईएएस अमनीत पी. कुमार और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताएंगे और जांच में तेजी लाने की मांग करेंगे।
इसी बीच, सरकार ने डीजीपी शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेजते हुए ओम प्रकाश सिंह (ओपी सिंह) को हरियाणा का कार्यकारी डीजीपी नियुक्त कर दिया है। ओपी सिंह 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और उनका रिटायरमेंट 31 दिसंबर 2025 को है। अगस्त 2023 में जब कपूर को डीजीपी बनाया गया था, तब 1989 बैच के मोहम्मद अकील और आर.सी. मिश्रा की सीनियोरिटी को नजरअंदाज किया गया था।
आईपीएस पूरन कुमार की पत्नी और आईएएस अधिकारी अमनीत पी. कुमार लगातार कपूर और रोहतक एसपी नरेंद्र बिजारणिया समेत अन्य अधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी हुई हैं। बिजारणिया को पहले ही पद से हटा दिया गया, लेकिन अब तक नई पोस्टिंग नहीं दी गई है।
आज केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी दोपहर डेढ़ बजे परिवार से मिलने आने वाले हैं। वहीं, अनुसूचित समाज की 31 सदस्यीय कमेटी का 48 घंटे का अल्टीमेटम भी आज समाप्त हो रहा है। कमेटी ने कहा था कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित सरकारी आवास पर खुद को गोली मारकर सुसाइड किया था। सुसाइड नोट में उन्होंने डीजीपी शत्रुजीत कपूर, एसपी नरेंद्र बिजारणिया सहित 15 अफसरों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। वे रोहतक पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (PTC) में IG के पद पर तैनात थे। सुसाइड से एक दिन पहले उनके गनमैन सुशील कुमार को रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इस घटना ने हरियाणा पुलिस तंत्र और सरकार दोनों को झकझोर कर रख दिया है।
Author1