हरियाणा कांग्रेस ने अंबाला-सोनीपत में मेयर उम्मीदवार घोषित किए

हरियाणा में कांग्रेस ने अंबाला और सोनीपत में मेयर उम्मीदवार घोषित किए हैं। पंचकूला सीट फिलहाल होल्ड पर है। 10 मई को वोटिंग और 13 मई को नतीजे आएंगे।

हरियाणा कांग्रेस ने अंबाला-सोनीपत में मेयर उम्मीदवार घोषित किए

हरियाणा कांग्रेस ने अंबाला और सोनीपत में मेयर उम्मीदवार घोषित किए
पंचकूला सीट फिलहाल होल्ड, जल्द हो सकता है ऐलान
10 मई को निकाय चुनाव की वोटिंग, 13 मई को रिजल्ट


हरियाणा में आगामी निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी ने अंबाला और सोनीपत नगर निगम में मेयर पद के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। अंबाला से कुलविंदर कौर और सोनीपत से शहरी जिला अध्यक्ष कमल दीवान को टिकट दिया गया है।

सोनीपत से उम्मीदवार बनाए गए कमल दीवान को इससे पहले 2025 में हुए नगर निगम उपचुनाव में भी पार्टी ने मौका दिया था, लेकिन तब उन्हें भाजपा उम्मीदवार राजीव जैन से हार का सामना करना पड़ा था। अब एक बार फिर पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है। वहीं, पंचकूला नगर निगम सीट को फिलहाल होल्ड पर रखा गया है। सूत्रों के अनुसार, यहां उम्मीदवार के नाम की घोषणा जल्द की जा सकती है।

राज्य में सोनीपत, पंचकूला और अंबाला नगर निगम, इसके अलावा रेवाड़ी नगर परिषद और उकलाना, धारूहेड़ा व सांपला नगर पालिका के चुनाव के लिए 10 मई को मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया के तहत 21 अप्रैल से नामांकन दाखिल किए जाएंगे, जबकि 13 मई को नतीजे घोषित होंगे।

पिछले चुनावों की बात करें तो पंचकूला में वर्ष 2020 में भाजपा के कुलभूषण गोयल ने जीत हासिल की थी। वहीं अंबाला में हालिया चुनाव में भाजपा की शैलजा संदीप सचदेवा ने कांग्रेस उम्मीदवार को बड़े अंतर से हराया था।

इसी तरह सोनीपत नगर निगम के उपचुनाव में भाजपा के राजीव जैन ने कांग्रेस के कमल दीवान को हराया था। ऐसे में इस बार मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।

इसके अलावा, प्रदेश में पंचायती राज के 528 पदों पर भी उपचुनाव कराए जाएंगे। इनमें जिला परिषद, ब्लॉक समिति, सरपंच और पंच पद शामिल हैं। इन चुनावों की वोटिंग भी 10 मई को ही होगी और उसी दिन मतगणना कर नतीजे घोषित किए जाएंगे।

खास बात यह है कि इस बार चुनाव में NOTA का विकल्प तो रहेगा, लेकिन उसका परिणाम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। वोटिंग EVM मशीनों से होगी, हालांकि VVPAT का उपयोग नहीं किया जाएगा