हरियाणा में 19 कार्यकारी अभियंताओं पर विभागीय गाज, सीएम सैनी के सख्त निर्देश
हरियाणा सीएम नायब सैनी ने म्हारी सड़क एप पर शिकायतों का निपटारा न करने वाले 19 कार्यकारी अभियंताओं पर विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए। ठेकेदारों पर भी सख्ती के निर्देश।
-
म्हारी सड़क एप पर शिकायतें बिना समाधान बंद करने पर 19 कार्यकारी अभियंता होंगे दंडित
-
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
-
ठेकेदारों और लापरवाह अफसरों पर भी होगी कार्रवाई
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने म्हारी सड़क एप पर आई शिकायतों को लेकर गुरुवार को हुई समीक्षा बैठक में 19 कार्यकारी अभियंताओं पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ये अधिकारी शिकायतों का समाधान किए बिना फाइलें बंद कर रहे थे या कई शिकायतों का निपटारा नहीं कर पाए थे।
इनमें लोक निर्माण विभाग (PWD) और हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) के दो-दो अभियंता, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB) के छह, जिला परिषद के एक, शहरी स्थानीय निकाय (ULB) के पांच और SSVP के तीन अभियंता शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो अधिकारी या ठेकेदार तय समयसीमा में शिकायतों का निवारण नहीं करेंगे, उन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएम सैनी ने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाएं। किसी भी शिकायत का समाधान धरातल पर नजर आना चाहिए, तभी उसकी फाइल बंद की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई अधिकारी बिना समाधान के फाइल बंद करता है, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई तय है।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में निर्देश दिए कि प्रदेश की सड़कों पर सफेद पट्टियां और साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। साथ ही, गड्ढों की शिकायत करने वालों से सीधा संवाद करने को कहा, ताकि जमीनी स्तर पर समस्या का समाधान समय पर हो सके।
सीएम ने कहा कि एप पर आने वाली शिकायतों का श्रेणीवार वर्गीकरण किया जाए — छोटी और बड़ी शिकायतों को अलग-अलग समयसीमा में निपटाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर प्रशिक्षण देने और अधूरी मैपिंग वाली सड़कों की जल्द मैपिंग पूरी करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘म्हारी सड़क एप’ के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाई जाए। आम जनता को बताया जाए कि सड़क संबंधी समस्या आने पर एप के माध्यम से कैसे शिकायत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि गड्ढे भरने और सड़क सुधार में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Author1