करनाल में इलेक्ट्रिक स्कूटी में धमाका, घर के अंदर लगी भीषण आग,आधी रात बैटरी ब्लास्ट से मचा हड़कंप, परिवार ने भागकर बचाई जान

करनाल के घरौंडा में घर के अंदर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में ब्लास्ट के बाद आग लग गई। स्पोर्ट्स बाइक भी जली, युवक झुलसा और परिवार बाल-बाल बच गया।

करनाल में इलेक्ट्रिक स्कूटी में धमाका, घर के अंदर लगी भीषण आग,आधी रात बैटरी ब्लास्ट से मचा हड़कंप, परिवार ने भागकर बचाई जान

करनाल में घर के अंदर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई

आग की चपेट में आकर पास खड़ी स्पोर्ट्स बाइक भी जल गई, आग बुझाते समय युवक का हाथ झुलसा

धुएं से दादी की तबीयत बिगड़ी, परिवार के 7 सदस्यों को समय रहते बाहर निकालकर बचाया गया

हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा स्थित कोटिया कॉलोनी में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घर के अंदर खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास खड़ी एक स्पोर्ट्स बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। पूरे घर में धुआं फैल गया, जिससे परिवार के लोगों की सांसें घुटने लगीं।

करनाल में घर में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी जलते हुए। - Dainik Bhaskar

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

कोटिया कॉलोनी निवासी शिव कुमार पंडित ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2023-24 में घरौंडा की सर्विस रोड स्थित एक एजेंसी से करीब 60 हजार रुपए में इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। वर्ष 2025 में स्कूटी की बैटरी खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने करीब 22 हजार रुपए खर्च कर नई बैटरी लगवाई थी। इसके बावजूद स्कूटी में लगातार तकनीकी दिक्कतें बनी हुई थीं।

पीड़ित ने बताया कि घटना वाली रात स्कूटी को चार्जिंग पर लगाया गया था। चार्जिंग पूरी होने के बाद चार्जर हटा दिया गया था। आधी रात को अचानक घर में धुआं भरने लगा, जिससे सांस लेने में परेशानी हुई और उनकी नींद खुल गई।

नीचे जाकर देखा तो स्कूटी में आग लगी हुई थी। जब वह आग बुझाने के लिए आगे बढ़े तो बैटरी में तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। इसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग बुझाने के प्रयास में उनका हाथ भी झुलस गया।

आग बुझाते समय जला युवक का हाथ।

शिव कुमार ने बताया कि उस समय परिवार के सात सदस्य ऊपर कमरे में सो रहे थे। उन्होंने तुरंत सभी को जगाया और सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी दादी दर्शन देवी नीचे कमरे में थीं। धुएं के कारण उनका दम घुटने लगा था। परिवार ने उन्हें बाहर निकालकर खुली हवा में पहुंचाया, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार हुआ।

फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी। आग की लपटों ने पास खड़ी करीब सवा लाख रुपए कीमत की स्पोर्ट्स बाइक को भी नुकसान पहुंचाया। आगजनी में घर के दरवाजे जल गए और मकान के लेंटर में भी दरारें आ गईं।

स्कूटी में आग लगने के बाद होता बलास्ट।

शिव कुमार का कहना है कि उन्होंने स्कूटी में आने वाली खराबियों को लेकर कई बार संबंधित एजेंसी से शिकायत की थी, लेकिन हर बार उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। चार-पांच दिन पहले भी स्कूटी की जांच करवाई गई थी, जिसमें बैटरी और वायरिंग में समस्या बताई गई थी।

पीड़ित ने एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी कारण उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ा है। उन्होंने मामले में एजेंसी के खिलाफ पुलिस में शिकायत देने की बात कही है।