पानीपत में SBI मैनेजर हत्याकांड के आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़, गोली लगने से 2 बदमाश घायल; 3 गिरफ्तार
पानीपत में SBI मैनेजर हर्षद कुमार हत्याकांड के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच तेज कर दी है।
➤ SBI मैनेजर हत्याकांड में वांटेड 2 बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल
➤ पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया, 2 के पैरों में लगी गोली
➤ लूट और हत्या के मामले में 10वें दिन पुलिस को मिली बड़ी सफलता
पानीपत में SBI के मुख्य प्रबंधक हर्षद कुमार की लूटपाट और हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के 10वें दिन पुलिस की दो बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई, जिसमें दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को पहले एक आरोपी शरद उर्फ जोगी निवासी सुल्तानपुर दिल्ली को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए बापौली बाइपास क्षेत्र में पहुंची। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें सचिन और नवीन घायल हो गए। सचिन के बाएं पैर में जबकि नवीन के दाएं पैर में गोली लगी है। दोनों को तुरंत पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर दो गोलियां चलाईं, जबकि पुलिस की ओर से नौ राउंड फायरिंग की गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों पर पहले से भी लूटपाट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
गौरतलब है कि 1 जून की रात करीब 11:30 बजे पानीपत के सेक्टर-25 स्थित मित्तल मॉल के पीछे बाइक सवार तीन बदमाशों ने SBI के मुख्य प्रबंधक हर्षद कुमार को निशाना बनाया था। आरोपियों ने उनकी सोने की चेन, अंगूठी और पर्स लूट लिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल हर्षद कुमार को इलाज के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बाद में उनकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Akhil Mahajan