हरियाणा में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर के नीचे कुचलकर वाटर सप्लायर की मौ*त
रेवाड़ी के बिठवाना गांव में पानी सप्लाई कर रहे 50 वर्षीय ओमप्रकाश की ट्रैक्टर के नीचे आने से मौत हो गई। चलते ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश के दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ।
रेवाड़ी में ट्रैक्टर के नीचे कुचलने से वाटर सप्लायर की मौत
चलते ट्रैक्टर को रोकने के लिए चढ़ते समय फिसला पैर
मृतक अपने परिवार में पत्नी और एक बेटी छोड़ गया
हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय वाटर सप्लायर की जान चली गई। गांव बिठवाना में पानी के टैंकर के साथ खड़ा ट्रैक्टर अचानक स्टार्ट होकर चल पड़ा। उसे रोकने की कोशिश में ट्रैक्टर पर चढ़ रहे व्यक्ति का पैर फिसल गया और वह ट्रैक्टर के नीचे आ गया।
हादसा गांव बिठवाना स्थित रेलवे स्टेशन के नजदीक पंचायत घर के पास हुआ। जानकारी के अनुसार पंचायत घर में निर्माण कार्य चल रहा था, जहां पानी की सप्लाई के लिए टैंकर पहुंचाया गया था।
मृतक की पहचान ओमप्रकाश (50) निवासी गांव बिठवाना के रूप में हुई है। वह ट्रैक्टर और टैंकर के जरिए पानी सप्लाई करने का काम करते थे। बुधवार को वह पंचायत घर में पानी का टैंकर लेकर पहुंचे थे और टैंकर खाली करने के लिए ट्रैक्टर को गियर में खड़ा कर दिया था।
इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर स्टार्ट होकर आगे बढ़ने लगा। पास खड़े ओमप्रकाश ने ट्रैक्टर को रोकने के लिए दौड़कर उस पर चढ़ने का प्रयास किया। लेकिन चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़े। देखते ही देखते ट्रैक्टर उनके ऊपर से गुजर गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार और गांव में शोक का माहौल छा गया।
मृतक के भाई राजेश कुमार ने बताया कि पंचायत घर में निर्माण कार्य के लिए पानी की सप्लाई की जा रही थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि ओमप्रकाश के परिवार में पत्नी और एक बेटी है।
सूचना मिलने के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
pooja