इस्तीफे के बाद रेणु भाटिया ने मांगी माफी, बेटी वाले बयान पर चुप्पी; FIR की मांग लेकर थाने पहुंचीं नर्सें

इस्तीफे के बाद रेणु भाटिया ने वीडियो जारी कर गलतियों पर माफी मांगी, लेकिन विवादित बेटी वाले बयान पर चुप्पी साधी। नर्सिंग एसोसिएशन FIR की मांग लेकर थाने पहुंची।

इस्तीफे के बाद रेणु भाटिया ने मांगी माफी, बेटी वाले बयान पर चुप्पी; FIR की मांग लेकर थाने पहुंचीं नर्सें

इस्तीफे के कुछ घंटे बाद रेणु भाटिया ने वीडियो जारी कर गलतियों पर मांगी माफी

बेटी वाले विवादित बयान का वीडियो में नहीं किया कोई जिक्र

नर्सिंग एसोसिएशन FIR की मांग पर अड़ी, थाने पहुंचकर लगाए गिरफ्तारी के नारे


हरियाणा महिला आयोग की पूर्व चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने पद से इस्तीफा देने के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने कार्यकाल के दौरान हुई गलतियों के लिए माफी मांगी है। हालांकि, जिस ‘बेटी को किसी के साथ कमरे में छोड़ दूं’ वाले बयान को लेकर विवाद खड़ा हुआ था, उस पर उन्होंने वीडियो में कोई टिप्पणी नहीं की।

करीब 1 मिनट 54 सेकेंड के वीडियो में रेणु भाटिया ने सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में उन्होंने पूरी निष्ठा से काम करने का प्रयास किया और यदि कहीं किसी को उनकी वजह से आघात पहुंचा हो या किसी कार्य में देरी हुई हो तो वह उसके लिए क्षमायाचना करती हैं।

रेणु भाटिया ने वीडियो में कहा कि गलतियों से ही इंसान सीखता है और उन्होंने भी अपने कार्यकाल में यही सीख अपनाई है। उन्होंने महिला आयोग में आने वाली सभी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी इच्छा है कि भविष्य में इस पद पर बैठने वाला व्यक्ति भी हर बेटी की समस्या को अपने परिवार की समस्या समझकर उसका समाधान करे।

वीडियो में उन्होंने भगवद् गीता हाथ में लेकर यह भी कहा कि उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में किसी के साथ अन्याय नहीं किया और हमेशा लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया। इसके बाद उन्होंने महिला आयोग की कुर्सी से विदा लेने की घोषणा की।

दूसरी ओर, रेणु भाटिया के इस वीडियो से हरियाणा नर्सिंग वेलफेयर एसोसिएशन संतुष्ट नजर नहीं आ रही है। एसोसिएशन का कहना है कि वीडियो में न तो नर्सिंग ऑफिसर्स का नाम लिया गया और न ही विवादित बयान पर सीधे तौर पर माफी मांगी गई। ऐसे में उनका आंदोलन और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष विनीता बांगड़ ने कहा कि रेणु भाटिया ने नर्सिंग ऑफिसर्स से माफी नहीं मांगी है। वीडियो में विवादित बयान का कोई जिक्र नहीं किया गया। इसलिए संगठन उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर कायम है।

बुधवार को नर्सिंग स्टाफ आदर्श थाना कुरुक्षेत्र पहुंचा और रेणु भाटिया के खिलाफ शिकायत सौंपी। इस दौरान कर्मचारियों ने "रेणु भाटिया को गिरफ्तार करो" के नारे भी लगाए। नर्सिंग संगठन का कहना है कि जब तक उचित कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक मामला समाप्त नहीं माना जाएगा।

गौरतलब है कि कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में रेप पीड़िता से जुड़े मामले की समीक्षा के दौरान रेणु भाटिया द्वारा नर्सिंग अधिकारी से कहा गया था कि "क्या आपकी भी बेटी है, छोड़ दूं उसे किसी के साथ 15 मिनट कमरे में"। इसी बयान के बाद नर्सिंग कर्मचारियों में भारी नाराजगी फैल गई थी। इसके विरोध में मंगलवार को राज्यभर में नर्सिंग स्टाफ ने दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल भी की थी।

हड़ताल और बढ़ते विरोध के बीच मंगलवार देर रात रेणु भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, उनके इस्तीफे के बावजूद विवाद पूरी तरह समाप्त होता नहीं दिख रहा है और अब मामला कानूनी कार्रवाई की ओर बढ़ता नजर आ रहा है।