बोर्ड का बड़ा फैसला, जींद के झमोला सेंटर की 10वीं हिंदी परीक्षा रद्द चपरासी के मोबाइल में मिला पेपर सॉल्यूशन
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने जींद के झमोला परीक्षा केंद्र की 10वीं हिंदी परीक्षा रद्द कर दी है। चपरासी के मोबाइल में पेपर का सॉल्यूशन मिलने के बाद यह फैसला लिया गया। अब परीक्षा 25 मार्च को जुलाना के राजकीय स्कूल में दोबारा होगी।
■ झमोला परीक्षा केंद्र की 10वीं हिंदी परीक्षा रद्द, चपरासी के फोन में मिला सॉल्यूशन
■ हरियाणा शिक्षा बोर्ड ने 25 मार्च को जुलाना के राजकीय स्कूल में दोबारा परीक्षा तय की
■ बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने जांच के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई के दिए आदेश
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने जींद जिले के झमोला परीक्षा केंद्र पर 28 फरवरी को आयोजित 10वीं कक्षा की हिंदी परीक्षा को रद्द कर दिया है। जांच के दौरान स्कूल के चपरासी के मोबाइल फोन में पेपर का सॉल्यूशन मिलने के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया।शिक्षा बोर्ड ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित परीक्षा को निरस्त कर दिया और अब इस परीक्षा को दोबारा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
बोर्ड के अनुसार अब झमोला परीक्षा केंद्र के विद्यार्थियों की हिंदी परीक्षा 25 मार्च को दोबारा कराई जाएगी। यह परीक्षा जुलाना के राजकीय स्कूल परीक्षा केंद्र पर आयोजित होगी।परीक्षा का समय दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। बोर्ड ने सभी विद्यार्थियों को नए केंद्र और समय के अनुसार परीक्षा में शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
हरियाणा शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने सोमवार को जींद जिले के कई परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी भी की। जांच के दौरान सामने आई अनियमितताओं के बाद उन्होंने झमोला केंद्र की हिंदी परीक्षा रद्द करने के आदेश जारी किए।साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। बोर्ड का कहना है कि परीक्षाओं को नकल रहित और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सख्ती बरती जा रही है।
फिलहाल हरियाणा में 10वीं और डीएलएड की परीक्षाएं जारी हैं। 16 मार्च को आयोजित सामाजिक विज्ञान और डीएलएड (री-अपीयर) की परीक्षा में करीब 2 लाख 89 हजार 264 परीक्षार्थी शामिल हुए।शिक्षा बोर्ड की ओर से चल रही 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में अब तक 220 परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े जा चुके हैं। इसके अलावा ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर 43 कर्मचारियों को कार्यभार से मुक्त किया जा चुका है।
इस वर्ष सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं के लिए पूरे हरियाणा में करीब 1431 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर लगभग 5 लाख 66 हजार 411 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं।इनमें 2 लाख 96 हजार 593 लड़के और 2 लाख 69 हजार 818 लड़कियां शामिल हैं।
10वीं कक्षा की अंतिम परीक्षा 20 मार्च को और 12वीं कक्षा की अंतिम परीक्षा 1 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।
shubham