हाउस अरेस्ट पर विधानसभा में जोरदार हंगामा , सीएम बोले– जानकारी नहीं, हुड्डा भड़के
हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने के मुद्दे पर जोरदार हंगामा हुआ। सीएम नायब सैनी ने जानकारी से इनकार किया, जिस पर भूपेंद्र हुड्डा भड़क उठे।
■ कांग्रेस नेताओं के हाउस अरेस्ट पर सदन में तीखा हंगामा
■ सीएम नायब सैनी बोले– मुझे कोई जानकारी नहीं
■ भूपेंद्र हुड्डा ने सरकार को दी खुली चुनौती
चंडीगढ़ स्थित हरियाणा विधानसभा में उस समय जबरदस्त हंगामा खड़ा हो गया, जब कांग्रेस नेताओं को कथित तौर पर हाउस अरेस्ट किए जाने का मुद्दा उठाया गया। विधानसभा घेराव से पहले की गई इस कार्रवाई को लेकर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने आ गए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में स्पष्ट कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया है।
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस बयान पर भड़क उठे। उन्होंने सवाल उठाया कि “यह कैसी सरकार है, जिसे यह भी नहीं पता कि उसकी पुलिस क्या कर रही है?” हुड्डा ने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि आप खड़े होकर कह दो कि मेरा आदेश नहीं था, जिसके बाद मैं उन्हें खुद ही ठोक दूंगा! उनके इस बयान के बाद सदन में माहौल और अधिक गरमा गया।
विधानसभा घेराव और उससे पहले की गई पुलिस कार्रवाई अब राजनीतिक टकराव का बड़ा मुद्दा बन गई है। विपक्ष इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बता रहा है, जबकि सरकार की ओर से आधिकारिक स्तर पर स्पष्टता का इंतजार है। आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है, खासकर यदि इस पर औपचारिक जांच या विस्तृत बयान सामने आता है।
Akhil Mahajan