25 दिन के अनशन के बाद वांगचुक की 3 शर्तें: नड्डा-जितेंद्र सिंह को चिट्ठी, बोले- इस भरोसे पर खत्म करूंगा भूख हड़ताल

मेदांता अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक ने जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह को पत्र लिखकर तीन मांगें रखीं। उन्होंने बताया कि किन शर्तों पर वह 25 दिनों से जारी अपना अनशन समाप्त करेंगे। अस्पताल ने उनकी हालत स्थिर बताई है।

25 दिन के अनशन के बाद वांगचुक की 3 शर्तें: नड्डा-जितेंद्र सिंह को चिट्ठी, बोले- इस भरोसे पर खत्म करूंगा भूख हड़ताल

मेदांता अस्पताल से केंद्रीय मंत्रियों को चिट्ठी लिखकर रखीं तीन प्रमुख मांगें

अनशन खत्म करने के लिए प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई न होने का मांगा भरोसा

65 सांसदों की अपील का जिक्र, हेल्थ बुलेटिन में हालत स्थिर बताई गई


छात्रों के समर्थन में पिछले 25 दिनों से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह को पत्र लिखकर अपनी तीन प्रमुख मांगें सरकार के सामने रखी हैं। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किन परिस्थितियों में वह अपना अनशन समाप्त करेंगे।

मंगलवार शाम दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से वांगचुक को मेदांता अस्पताल लाया गया था, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। बुधवार को लिखे गए पत्र में उन्होंने सरकार की ओर से बातचीत की पहल का स्वागत करते हुए छात्रों से जुड़े मुद्दों पर ठोस कदम उठाने की अपील की।

ये हैं वांगचुक की तीन प्रमुख मांगें

अपने पत्र में वांगचुक ने सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखीं—

  • पेपर लीक के बाद जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।
  • पूरे मामले में जवाबदेही तय करने और समाधान के लिए संसद में सार्थक चर्चा कराई जाए।
  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर गंभीरता से विचार किया जाए।

इन शर्तों पर खत्म करेंगे अनशन

वांगचुक ने पत्र में लिखा कि 20 जुलाई के 'चलो संसद' मार्च के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले लोगों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई या उत्पीड़न नहीं किया जाएगा, इसका स्पष्ट आश्वासन मिलने के बाद ही वे अपना अनशन समाप्त करेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि विभिन्न राजनीतिक दलों के करीब 65 सांसदों ने उन्हें पत्र लिखकर देशहित में अनशन समाप्त करने की अपील की है, जिसका उन्होंने पत्र में उल्लेख किया।

मेदांता ने जारी किया हेल्थ बुलेटिन

मेदांता अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, सोनम वांगचुक आईसीयू में भर्ती हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम उनकी निगरानी कर रही है। अस्पताल ने बताया कि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है, वे पूरी तरह होश में हैं और उनके सभी वाइटल पैरामीटर सामान्य हैं। इलाज उनकी सहमति से किया जा रहा है।

अस्पताल के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

वांगचुक के अस्पताल में भर्ती होने के बाद मेदांता अस्पताल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अस्पताल परिसर में आने वाले लोगों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। अस्पताल की जिस बिल्डिंग में वांगचुक भर्ती हैं, वहां हरियाणा और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात हैं। एहतियात के तौर पर वज्र वाहन भी तैनात किए गए हैं।

कांग्रेस नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट

वांगचुक के समर्थन में संभावित प्रदर्शन को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर समेत 10 से अधिक नेताओं को हाउस अरेस्ट किया। पुलिस ने सभी को नोटिस जारी कर अस्पताल की ओर मार्च या प्रदर्शन नहीं करने की चेतावनी दी।