कृष्णपाल गुर्जर का कांग्रेस पर हमला: PM की सुरक्षा से समझौता नहीं, NEET आंदोलन को बताया राजनीतिक अभियान

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा, NEET आंदोलन और कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने विपक्ष पर राष्ट्रीय सुरक्षा और छात्रों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

कृष्णपाल गुर्जर का कांग्रेस पर हमला: PM की सुरक्षा से समझौता नहीं, NEET आंदोलन को बताया राजनीतिक अभियान

केंद्रीय मंत्री बोले- PM आवास तक मार्च राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़

NEET आंदोलन को विपक्ष का प्रायोजित राजनीतिक अभियान बताया

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग खारिज, परीक्षा व्यवस्था मजबूत होने का दावा


केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा, संसद में विपक्ष के रवैये और NEET परीक्षा विवाद को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का आधिकारिक आवास देश का सबसे संवेदनशील और उच्च सुरक्षा वाला क्षेत्र है। ऐसे स्थान तक पैदल मार्च कर धरना देने की कोशिश केवल विरोध नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ है।

नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उनके अनुसार कांग्रेस राजनीतिक हताशा में लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रही है और उसके पास देश की समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं है।

संसद में विपक्ष के रवैये पर भी निशाना

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि लोकसभा के पहले दिन से ही कांग्रेस सदन की कार्यवाही बाधित करने की रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की चुनौतियों के समाधान में जुटे हैं, जबकि दूसरी ओर विपक्ष सकारात्मक राजनीति के बजाय टकराव की राजनीति कर रहा है।

NEET आंदोलन पर क्या बोले?

कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि NEET को लेकर चल रहा आंदोलन वास्तविक छात्रों का आंदोलन नहीं, बल्कि विपक्ष द्वारा प्रायोजित राजनीतिक अभियान है। उन्होंने दावा किया कि इस आंदोलन में वास्तविक NEET अभ्यर्थियों की भागीदारी नहीं है और विपक्ष छात्रों को गुमराह कर राजनीतिक लाभ लेना चाहता है।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग ठुकराई

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर गुर्जर ने कहा कि यह केवल राजनीतिक जिद है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है, आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित न हो, इसलिए समयबद्ध तरीके से परीक्षाएं आयोजित कर परिणाम घोषित किए गए और प्रवेश प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।

भाजपा के विरोध प्रदर्शन का बचाव

भाजपा के देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए गुर्जर ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य विपक्ष के आचरण को जनता के सामने रखना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रधानमंत्री की सुरक्षा को खतरे में डालने की कोशिश कर रही है, जो बेहद गंभीर और निंदनीय है।

साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस का इन संस्थाओं पर भरोसा कमजोर पड़ गया है।