मनाली-लेह मार्ग पर हादसा: फिसलन से गहरे नाले में गिरा ट्रक, पिता-पुत्र की मौत

हिमाचल प्रदेश के मनाली-लेह मार्ग पर फिसलन के कारण ट्रक गहरे नाले में गिर गया। हादसे में मंडी जिले के पिता और पुत्र की मौत हो गई। सेना, BRO और ITBP ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया।

मनाली-लेह मार्ग पर हादसा: फिसलन से गहरे नाले में गिरा ट्रक, पिता-पुत्र की मौत

मनाली-लेह हाईवे पर फिसलन के कारण अनियंत्रित होकर गहरे नाले में गिरा ट्रक

पिता और बेटे की मौके पर मौत, कई एजेंसियों ने मिलकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

मंडी जिले के रहने वाले थे दोनों मृतक, पोस्टमार्टम के लिए केलांग भेजे गए शव


हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच मनाली-लेह सामरिक मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। किलिंग सराय से भरतपुर की ओर जा रहा एक ट्रक फिसलन के कारण अनियंत्रित होकर गहरे नाले में गिर गया। हादसे में ट्रक में सवार पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार ट्रक (HP-65A-3396) सड़क पर अचानक फिसल गया और गहरी खाईनुमा नाले में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, भारतीय सेना, सीमा सड़क संगठन (BRO), ITBP, TTR टीम और स्थानीय ट्रक चालक मौके पर पहुंचे। सभी एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

काफी मशक्कत के बाद निकाले गए शव

बचाव दल ने कठिन परिस्थितियों में कई घंटे तक अभियान चलाकर दोनों को नाले से बाहर निकाला। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मंडी जिले के रहने वाले थे दोनों

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार मृतकों की पहचान लियाकत अली और उनके पुत्र दुरशाद के रूप में हुई है। दोनों मंडी जिले के गांव ऊबा, डाकघर डचोरी के निवासी थे।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल केलांग भेज दिया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

बारिश के बीच बढ़ा खतरा

मानसून के दौरान हिमाचल की पहाड़ी सड़कों पर फिसलन लगातार हादसों का कारण बन रही है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से खराब मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।