ASI की पत्नी को नौकरी, IPS की पत्नी को प्रमोशन
हरियाणा सरकार ने नए साल के पहले दिन दो बड़े फैसले लिए। दिवंगत ASI संदीप लाठर की पत्नी को सरकारी नौकरी और दिवंगत IPS पूरन कुमार की पत्नी IAS अमनीत पी कुमार को HAG प्रमोशन दिया गया।
- हरियाणा कैबिनेट ने दिवंगत ASI संदीप लाठर की पत्नी को सरकारी नौकरी दी
- दिवंगत IPS पूरन कुमार की पत्नी IAS अमनीत पी कुमार को मिला HAG प्रमोशन
- नए साल के पहले दिन सरकार के दो बड़े फैसलों ने खींचा ध्यान
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने नए साल के पहले ही दिन दो अलग-अलग लेकिन संवेदनशील मामलों में बड़े फैसले लेते हुए प्रशासनिक और मानवीय दोनों स्तरों पर संदेश दिया है। एक ओर जहां रोहतक के दिवंगत ASI संदीप कुमार लाठर की पत्नी को सरकारी नौकरी देने का निर्णय लिया गया, वहीं दूसरी ओर दिवंगत IPS वाई पूरन कुमार की पत्नी IAS अमनीत पी कुमार को हायर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड (HAG) में प्रमोशन दिया गया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में दिवंगत ASI संदीप कुमार लाठर की पत्नी संतोष देवी को रोहतक स्थित महार्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कैंपस स्कूल में PGT गणित (Group-B) पद पर नियुक्त करने को मंजूरी दी गई। यह फैसला मानवीय आधार पर लिया गया है, ताकि दिवंगत पुलिसकर्मी के परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।
इसी दिन सरकार ने चार वरिष्ठ IAS अधिकारियों — IAS अमनीत पी कुमार, विजय दहिया, विकास गुप्ता और पंकज यादव — को HAG ग्रेड में प्रमोशन देने के आदेश जारी किए। इस प्रमोशन के बाद ये अधिकारी संभागीय आयुक्त और प्रमुख सचिव के समकक्ष माने जाएंगे।
प्रमोशन पाने वालों में 2001 बैच की वरिष्ठ IAS अधिकारी अमनीत पी कुमार भी शामिल हैं, जो वर्तमान में महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त एवं सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उनके पति IPS वाई पूरन कुमार ने पंचकूला स्थित अपने सरकारी आवास में आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में तत्कालीन DGP शत्रुजीत कपूर समेत 15 अधिकारियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की FIR दर्ज हुई थी, जिसकी जांच अभी जारी है।
सरकारी आदेश के अनुसार, HAG प्रमोशन के बाद इन अधिकारियों को पे लेवल-15 के तहत वेतन मिलेगा। IAS अमनीत पी कुमार की बेसिक सैलरी अब 1,82,200 रुपए से 2,24,100 रुपए तक हो सकती है। इसके अलावा DA, HRA, TA सहित अन्य भत्तों में भी वृद्धि होगी।
HAG ग्रेड मिलने के बाद अधिकारियों को सरकारी आवास या HRA, आधिकारिक वाहन, ड्राइवर, सुरक्षा गार्ड, मुफ्त बिजली-पानी, टेलीफोन और चिकित्सा सुविधाएं मिलती हैं। साथ ही सेवानिवृत्ति के बाद आजीवन पेंशन और विदेशों में उच्च अध्ययन के लिए सरकारी खर्च पर अध्ययन अवकाश जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होती हैं।
एक तरफ ASI की पत्नी को नौकरी, दूसरी तरफ IPS की पत्नी को प्रमोशन — सरकार के इन दोनों फैसलों को प्रशासनिक गलियारों में नए साल की प्रतीकात्मक शुरुआत और संवेदनशील मामलों में संतुलित निर्णय के रूप में देखा जा रहा है।
बता दें कि IAS अमनीत अपने पति दिवंगत IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार के मामले में हाल ही में चर्चा में आईं, जब उन्होंने अपने पति की मौत के बाद न्याय के लिए आवाज उठाई। उन्होंने अपने पति के सुसाइड मामले में चंडीगढ़ पुलिस में 15 IAS और IPS अफसरों के खिलाफ FIR दर्ज कराई। इस मामले में जांच जारी है।
वहीं, ASI संदीप लाठर रोहतक की साइबर सेल में तैनात थे। उनकी मौत के बाद मामला इसलिए और गंभीर हो गया, क्योंकि उन्होंने चार पेज का फाइनल नोट और एक वीडियो मैसेज छोड़ा था। इस नोट और वीडियो में उन्होंने तत्कालीन IPS पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार, जाति के नाम पर उगाही और रोहतक के पूर्व एसपी बिजरानिया को लेकर कई गंभीर दावे किए थे।
वीडियो मैसेज में संदीप लाठर ने कहा था, मैं आपको सच्चाई बताना चाहता हूं। उसके लिए पहली आहुति मैं अपनी डाल रहा हूं। सच्चाई की कीमत चुकानी पड़ती है। भगत सिंह को भी अपना जीवन खत्म करना पड़ा था। ये देश तभी जागेगा, जब हम सच्चाई की राह पर कुर्बान होंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि एक भ्रष्ट पुलिस अफसर ने सदर थाना मर्डर केस में पैसे लिए और राव इंद्रजीत को बाहर निकालने के लिए 50 करोड़ की डील तय की गई थी।
Akhil Mahajan