हनीट्रैप में फंसा युवक पाकिस्तान के लिए जासूसी करता गिरफ्तार, ISI की महिला हैंडल से संपर्क

अंबाला में हनीट्रैप के जरिए पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का मामला सामने आया। युवक पर ISI महिला हैंडल से संपर्क कर सेना की गोपनीय जानकारी भेजने का आरोप है।

हनीट्रैप में फंसा युवक पाकिस्तान के लिए जासूसी करता गिरफ्तार, ISI की महिला हैंडल से संपर्क
  • हनीट्रैप में फंसा युवक पाकिस्तान के लिए जासूसी करता गिरफ्तार
  • ISI की महिला हैंडल से संपर्क, अंबाला कैंट की सैन्य सूचनाएं भेजने का आरोप
  • CIA-2 अंबाला की कार्रवाई, कैंट बस स्टैंड से गिरफ्तारी


हरियाणा के अंबाला में हनीट्रैप के जरिए पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का गंभीर मामला सामने आया है। अंबाला पुलिस ने साहा थाना क्षेत्र के सबगा गांव निवासी 31 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े महिला हैंडल के संपर्क में आकर सेना और वायुसेना से जुड़ी गोपनीय जानकारियां साझा करने का आरोप है।

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि करीब छह से सात महीने पहले फेसबुक के जरिए आरोपी का संपर्क एक फर्जी महिला प्रोफाइल से हुआ था। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और युवक को प्रेमजाल में फंसाया गया। इसके बाद बातचीत व्हाट्सएप पर शिफ्ट हो गई, जहां से सैन्य ठिकानों, यूनिट मूवमेंट और तैनाती से जुड़ी जानकारी मांगी जाने लगी।

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अंबाला कैंट से जुड़ी कई संवेदनशील जानकारियां भेज रहा था। इनमें कौन-सी यूनिट कहां तैनात है, सैन्य गतिविधियां और मूवमेंट से जुड़ा विवरण शामिल है। पुलिस को आरोपी के मोबाइल से व्हाट्सएप चैट और वॉइस कॉल के अहम साक्ष्य भी मिले हैं।

सुरक्षा एजेंसियों से इनपुट मिलने के बाद CIA-2 अंबाला ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कैंट बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी सूचनाएं साझा की थीं। साथ ही बैंक खातों की जांच की जा रही है कि कहीं सूचनाओं के बदले लेन-देन तो नहीं हुआ।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी चिनाई का काम करता है और एक निजी ठेकेदार के माध्यम से सैन्य क्षेत्रों में काम करता था। अब यह भी जांच का विषय है कि संबंधित ठेकेदार को आरोपी की गतिविधियों की जानकारी थी या नहीं।

अंबाला कैंट को सेना और वायुसेना का रणनीतिक केंद्र माना जाता है। यहां पुराना एयरफोर्स स्टेशन, आर्मी बेस और कई संवेदनशील सैन्य यूनिट तैनात हैं।

अंबाला पुलिस अधीक्षक Ajit Singh Shekhawat ने बताया कि आरोपी को हनीट्रैप में फंसाकर पाकिस्तान को सैन्य जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। रिमांड के दौरान पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।