हरियाणा में दर्दनाक हादसा, सड़क दुर्घटना में 3 दोस्तों की मौत

हांसी में देर रात कार और बाइक की भीषण टक्कर में तीन दोस्तों की मौत हो गई। हादसे में कार सवार कुछ लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हरियाणा में दर्दनाक हादसा, सड़क दुर्घटना में 3 दोस्तों की मौत

हांसी में देर रात भीषण सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौत

तेज रफ्तार कार और बाइक की जोरदार टक्कर में गई जान

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के एयरबैग खुल गए

हरियाणा के हांसी में शनिवार-रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दूर जा गिरी, जबकि कार के दोनों एयरबैग खुल गए। मृतक तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे।

मृतकों की पहचान गांव भाटला निवासी धर्मवीर (40), राजेश (40) और अशोक (35) के रूप में हुई है। तीनों बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी हांसी के नजदीक उनकी बाइक की एक तेज रफ्तार कार से जोरदार टक्कर हो गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क पर काफी दूर जाकर गिरी। हादसे के बाद कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एयरबैग खुल गए। कार में सवार कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है। पुलिस उनकी स्थिति की जानकारी जुटा रही है।

हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एक ही गांव के तीन दोस्तों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सदानंद ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अभी तक हादसे के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के सबूत और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।