सास की पिटाई का बदला लेने के लिए ससुर की हत्या, हरियाणा के दामाद ने पत्नी संग रची एक महीने की साजिश

उत्तराखंड के अल्मोड़ा में ससुर की हत्या के मामले में हरियाणा के हांसी निवासी दामाद और उसकी पत्नी को जम्मू-कश्मीर के कटरा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने एक महीने की साजिश का खुलासा किया।

सास की पिटाई का बदला लेने के लिए ससुर की हत्या, हरियाणा के दामाद ने पत्नी संग रची एक महीने की साजिश

हरियाणा के दामाद और उसकी पत्नी ने मिलकर ससुर की हत्या की साजिश रची

एक महीने की प्लानिंग के बाद दरांती से हमला, इलाज के दौरान हुई मौत

जम्मू-कश्मीर के कटरा से दोनों आरोपी गिरफ्तार, कई राज्यों में बदलते रहे ठिकाने


उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में ससुर की हत्या के मामले में पुलिस ने हरियाणा के हांसी निवासी दामाद धर्मवीर शर्मा और उसकी पत्नी जानकी पांडेय को जम्मू-कश्मीर के कटरा से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर अल्मोड़ा लाया गया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों ने करीब एक महीने तक योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक चंद्रशेखर पांडेय शराब के नशे में अपनी पत्नी खष्टी देवी के साथ अक्सर मारपीट और गाली-गलौज करता था। इसी बात से नाराज होकर बेटी और दामाद ने उसकी हत्या की साजिश रची। 20 जून की रात दोनों ने धारदार दरांती से हमला किया। गंभीर रूप से घायल चंद्रशेखर की 21 जून को हल्द्वानी में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मामले में मृतक के पिता नारायण दत्त ने 22 जून को दन्या थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देश पर तीन पुलिस टीमें गठित की गईं और दिल्ली, हरियाणा, पंजाब सहित कई राज्यों में आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल HR-21T-0835 नंबर की फ्रॉन्क्स कार को 23 जून को हरियाणा के हिसार से बरामद किया। तकनीकी निगरानी, सर्विलांस और 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर पुलिस को दोनों आरोपियों के कटरा में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से 26 जून को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में धर्मवीर और जानकी ने बताया कि वे पिछले एक महीने से हत्या की योजना बना रहे थे। अल्मोड़ा आने-जाने और अन्य खर्चों के लिए धर्मवीर ने अपनी सोने की अंगूठी बेच दी, जबकि जानकी ने अपना मंगलसूत्र और कान के झुमके बेचकर पैसे जुटाए।

पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि धर्मवीर ने पहले अपने साले को फोन कर चेतावनी दी थी कि यदि उसके पिता ने उसकी सास के साथ दुर्व्यवहार बंद नहीं किया तो वह उन्हें मार देगा। जांच में सामने आया कि धर्मवीर के खिलाफ हरियाणा में पहले से लूट, मारपीट और दुष्कर्म के प्रयास सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं पुलिस जांच में मृतक की पत्नी खष्टी देवी की इस हत्या में कोई भूमिका सामने नहीं आने पर उन्हें मामले से अलग कर दिया गया है।