“सबकी नजरों में गलत बन चुकी हूं”, नोट में लिखकर उठाया खौफनाक कदम

गुरुग्राम में 12वीं की 17 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली। पुलिस को सुसाइड नोट और मोबाइल चैट मिली हैं, जिनमें युवक द्वारा परेशान किए जाने का जिक्र सामने आया है।

“सबकी नजरों में गलत बन चुकी हूं”,  नोट में लिखकर उठाया खौफनाक कदम
  • गुरुग्राम में 12वीं की छात्रा ने फंदा लगाकर दी जान
  • 2 पेज के सुसाइड नोट में युवक पर मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप
  • व्हाट्सएप चैट, सोशल मीडिया बातचीत और सुसाइड नोट की जांच में जुटी पुलिस

“सबकी नजरों में गलत बन चुकी हूं”,हरियाणा के गुरुग्राम में 12वीं कक्षा की एक 17 वर्षीय छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। छात्रा का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के वक्त परिवार के सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। जब परिजन वापस लौटे तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं आया तो परिवार को अनहोनी की आशंका हुई।

इसके बाद दरवाजा खोला गया तो छात्रा का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के स्कूल बैग से 2 पेज का सुसाइड नोट मिला। नोट में छात्रा ने अपनी मानसिक स्थिति का जिक्र करते हुए लिखा कि वह बेहद परेशान हो चुकी थी। उसने लिखा कि उसे समझ नहीं आ रहा कि वह क्या करे, क्योंकि अब वह सबकी नजरों में गलत बन चुकी है। उसने यह भी लिखा कि कोई उसकी बात को समझने की कोशिश नहीं कर रहा।

सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने माता-पिता से माफी भी मांगी। उसने लिखा कि वह कभी अपने परिवार को दुख नहीं देना चाहती थी। नोट के आखिर में उसने कई बार “सॉरी” लिखा। पुलिस सूत्रों के अनुसार छात्रा ने करीब 17 बार “सॉरी” शब्द लिखा है, जिससे उसकी मानसिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया कि छात्रा पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। नोट में उसने ट्यूशन पढ़ने के दौरान एक युवक द्वारा परेशान किए जाने का जिक्र किया है। आरोप है कि युवक लगातार उससे संपर्क करने और दोस्ती बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। छात्रा इससे परेशान थी और इससे छुटकारा पाना चाहती थी।

पुलिस ने जब छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी जांच की तो कुछ व्हाट्सएप चैट और सोशल मीडिया बातचीत भी सामने आई। इन चैट्स में युवक द्वारा छात्रा से लगातार संपर्क करने और बातचीत करने की कोशिश दिखाई दे रही है। कुछ चैट्स में दो युवकों के बीच मृतका को लेकर चर्चा भी सामने आई है।

सूत्रों के मुताबिक चैट में दोस्ती, मिलने और बातचीत बढ़ाने जैसी बातें लिखी हुई थीं। हालांकि पुलिस फिलहाल इन चैट्स की तकनीकी जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों को खंगाल रही है।

मृतका के पिता संतोष प्रसाद ने कहा कि उनकी बेटी पढ़ाई में काफी होशियार थी। उन्होंने बताया कि छात्रा ने 10वीं कक्षा में 60 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किए थे और वह पढ़ाई को लेकर हमेशा गंभीर रहती थी। परिवार के अनुसार वह अपनी कक्षा में अच्छा प्रदर्शन करती थी और भविष्य को लेकर कई सपने देख रही थी।

पिता ने आरोप लगाया कि युवक की हरकतों के कारण उनकी बेटी मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। उन्होंने कहा कि परिवार ने कई बार बेटी की परेशानी को समझने की कोशिश की, लेकिन शायद वह अंदर ही अंदर दबाव में थी। उन्होंने पुलिस पर भी पूरा सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया।

घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है। पड़ोसियों और परिचितों का कहना है कि छात्रा शांत स्वभाव की थी और हमेशा पढ़ाई में व्यस्त रहती थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। सुसाइड नोट को हैंडराइटिंग और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। वहीं मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और चैट रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। जिन युवकों के नाम चैट में सामने आए हैं, उनसे पूछताछ की तैयारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू को ध्यान में रखकर की जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।