तेज रफ्तार रैपिडो में महिला HR के साथ हुई शर्मनाक घटना, चलते ऑटो से कूदी महिला
हरियाणा के गुरुग्राम में रैपिडो ऑटो चालक ने कंपनी की HR हेड के साथ छेड़छाड़ की और उसका लेपटॉप छीनने का प्रयास किया। महिला ने ऑटो से कूदकर खुद को बचाया। आरोपी को गिरफ्तार कर रैपिडो ने चालक की आईडी बंद कर दी। पुलिस जांच में जुटी है
➤ गुरुग्राम में रैपिडो ऑटो चालक ने HR हेड के साथ छेड़छाड़ और लेपटॉप छीनने का प्रयास किया
➤ महिला ने चलते ऑटो से कूदकर खुद को बचाया और डायल 112 पुलिस को बुलाया
➤ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रैपिडो ने चालक की आईडी बंद की, जांच जारी
हरियाणा के गुरुग्राम में एक गंभीर घटना सामने आई, जिसमें एक रैपिडो ऑटो चालक ने एक कंपनी की HR हेड के साथ छेड़छाड़ की और उसका लेपटॉप छीनने का प्रयास किया। घटना उस समय हुई जब महिला रैपिडो ऐप के जरिए ऑटो बुक करके अपने घर लौट रही थी। महिला ने बताया कि बसई चौक से ऑटो बुक किया गया था और ड्राइवर का नाम अतुल कुमार था।
ऑटो में थोड़ी दूरी तय करने के बाद ही चालक ने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने महिला का लेपटॉप छीनने की कोशिश भी की। खुद के साथ बड़ी अनहोनी होने का अंदेशा महसूस करते हुए महिला ने चलते ऑटो से कूदकर अपनी जान बचाई। गिरने से उसे चोटें आई, लेकिन महिला ने तुरंत डायल 112 पुलिस को बुलाया और सुरक्षा में घर पहुंची।
इसके बाद भी चालक ने महिला को बार-बार फोन किया और रैपिडो एप के जरिए आपत्तिजनक मैसेज भेजे। महिला ने इन मैसेज के स्क्रीनशॉट ले लिए और पुलिस को सौंपे। आरोपी काफी देर तक महिला की लोकेशन पर खड़ा रहा। घटना के बाद महिला अपने पति के साथ न्यू कॉलोनी थाने पहुंची। महिला के पति अन्ना हजारे आंदोलन के हरियाणा पूर्व संयोजक हैं।
न्यू कॉलोनी थाना प्रभारी धर्मेंद्र ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। रैपिडो कंपनी ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए चालक की आईडी अपने सिस्टम से हटा दी और पुलिस को चालक का निजी नंबर उपलब्ध कराया। रैपिडो ने HR हेड को ईमेल के जरिए सूचित किया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।