बहू ने पकड़वाया हवलदार ससुर, सरकारी क्वार्टर से गांजा-हथियार और कारतूस बरामद , पुलिस जांच में जुटी

पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर से गांजा, पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद हुए। बहू की शिकायत पर हवलदार पोखर राम गिरफ्तार। FIR में NDPS, आर्म्स एक्ट और घरेलू हिंसा की धाराएं जोड़ी गईं।

बहू ने पकड़वाया हवलदार ससुर, सरकारी क्वार्टर से गांजा-हथियार और कारतूस बरामद , पुलिस जांच में जुटी

गुरुग्राम पुलिस लाइन के क्वार्टर से गांजा और अवैध हथियार बरामद
हवलदार पोखर राम गिरफ्तार, बहू की शिकायत पर हुई कार्रवाई
FIR में NDPS, आर्म्स एक्ट और घरेलू हिंसा की धाराएं शामिल


गुरुग्राम पुलिस लाइन में शनिवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां सरकारी क्वार्टर नंबर-105 से 1 किलो 700 ग्राम गांजा, पिस्तौलनुमा हथियार और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। यह खुलासा खुद हवलदार पोखर राम की बहू मीनू ने किया, जिसने साहस दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बहू की निशानदेही पर अवैध सामान बरामद किया और पूरे मामले में हवलदार पोखर राम को गिरफ्तार कर लिया।

मीनू ने FIR में न सिर्फ NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत शिकायत दर्ज करवाई, बल्कि घरेलू हिंसा और जबरन गर्भपात कराने के आरोप भी लगाए। बहू का आरोप है कि जब उसने घर की सफाई के दौरान कट्टे में भरा नशा और हथियार देखे और ससुर से पूछा तो उसने पिस्तौल उसके सिर पर तान दी और धमकी दी कि किसी को बताया तो जान से मार दूंगा।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी शादी मार्च 2025 में हुई थी और तब से उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। गर्भवती होने पर उसे सिरसा ले जाकर गर्भपात कराया गया और दोबारा गर्भ ठहरने पर भी यही कोशिश की गई। प्रताड़ना से तंग आकर उसने पुलिस को शिकायत दी।

पुलिस ने क्वार्टर की अलमारी से कारतूस की डिब्बी और नशे का सामान बरामद कर जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा है। SHO कृष्ण ने बताया कि फिलहाल हवलदार पोखर राम की गिरफ्तारी हो चुकी है और मामले में उसके बेटे रामजीलाल, तीन बेटियों और सिरसा निवासी रिश्तेदार दंपती को भी नामजद किया गया है।

बहू मीनू का आरोप है कि उसका ससुर अक्सर CIA में होने और बड़े अधिकारियों से पहचान की धौंस देता था। गुरुवार रात पुलिस को बुलाने के बाद भी कार्रवाई ढीली रही और उसे गिरफ्तारी की मांग के लिए 12 घंटे तक थाने में बैठना पड़ा। आखिरकार पुलिस ने शनिवार को हवलदार को गिरफ्तार किया।

इस मामले ने कई सवाल भी खड़े किए हैं, खासकर पुलिस लाइन जैसे संवेदनशील क्षेत्र में, जहां दो गेटों पर सुरक्षा और एंट्री रजिस्टर की व्यवस्था है, वहां अवैध हथियार और गांजा आखिर कैसे पहुंच गया।