पुलिस और नशा तस्करों के बीच मुठभेड़, दो आरोपियों के पैरों में लगी गोली; एक पुलिसकर्मी भी घायल
गुरुग्राम में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो कथित नशा तस्कर घायल हुए और एक पुलिसकर्मी चोटिल हुआ। पुलिस ने 136 ग्राम MDMA और हथियार बरामद किए।
➤ गुरुग्राम में पुलिस और तीन कथित नशा तस्करों के बीच मुठभेड़, दो आरोपियों के पैरों में लगी गोली
➤ क्रॉस फायरिंग में चलीं 9 गोलियां, एक पुलिसकर्मी की बाजू में लगी गोली
➤ 136 ग्राम MDMA, एक पिस्टल और देसी कट्टा बरामद, तीनों आरोपी पश्चिम बंगाल के रहने वाले
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस और कथित नशा तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि एक पुलिसकर्मी भी चोटिल हुआ है। पुलिस के अनुसार, क्रॉस फायरिंग के दौरान आरोपियों ने छह गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में तीन गोलियां चलाईं। इस दौरान मार्फत उर्फ मारू और फूल बाबू शेख के पैरों में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी की बाजू पर गोली लगी। पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। उनके कब्जे से 136 ग्राम MDMA, एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और खाली खोल बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें से एक आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में इनाम भी घोषित था। घायल आरोपियों और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में सेक्टर-65 थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लूट की सूचना के बाद पुलिस ने की नाकाबंदी
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम को लूट की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने नंगली उमरपुर से सेक्टर-62 की ओर जाने वाले क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान रात करीब 11 बजे एक बाइक पर तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने अपने वाहनों से उनका पीछा किया और उन्हें घेर लिया।
जवाबी फायरिंग में दो आरोपी घायल
पुलिस के अनुसार, पीछा करने के दौरान आरोपियों ने लगातार गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली पुलिस वाहन पर लगी, जबकि दूसरी गोली एक पुलिसकर्मी की बाजू में लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। घायल आरोपियों और चोटिल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित हथियार और खाली खोल बरामद किए हैं। बरामद मादक पदार्थ की मात्रा 136 ग्राम MDMA बताई गई है।
पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
पुलिस ने आरोपियों की पहचान मार्फत उर्फ मारू (32 वर्ष) निवासी बाली, जिला मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल, फूल बाबू शेख (26 वर्ष) निवासी बाली, जिला मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल और श्रीकुल शेख (37 वर्ष) निवासी मीरा प्लेसी, जिला नादिया, पश्चिम बंगाल के रूप में की है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस टीम के काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने और अवैध मादक पदार्थ रखने से संबंधित धाराओं के तहत सेक्टर-65 थाने में मामला दर्ज किया गया है।
एक आरोपी पर पहले से घोषित था इनाम
पुलिस के अनुसार, फूल बाबू शेख के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गुरुग्राम पुलिस ने इनाम घोषित किया हुआ था। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के दौरान मार्फत उर्फ मारू के खिलाफ लड़ाई-झगड़े, चोरी, जाली करंसी रखने और एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल चार मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
वहीं, फूल बाबू शेख के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले, जबकि श्रीकुल शेख के खिलाफ इसी अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज बताया गया है।
अस्पताल से छुट्टी के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपियों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों, बरामदगी और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Akhil Mahajan