सरेबाजार हत्या, पैरोल पर आए पूर्व NSG कमांडो को मारी गोलियां

गुरुग्राम में पैरोल पर आए पूर्व NSG कमांडो सुंदर फौजी की सरेबाजार गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामला पुराने मर्डर केस में बदले से जुड़ा बताया जा रहा है।

सरेबाजार हत्या, पैरोल पर आए पूर्व NSG कमांडो को मारी गोलियां

➤ पैरोल पर बाहर आए पूर्व NSG कमांडो की दिनदहाड़े हत्या
➤ पूर्व सरपंच मर्डर केस का बदला, बेटे ने साथी संग वारदात को दिया अंजाम
➤ बाजार में फायरिंग से दहशत, आरोपी हथियार लहराते हुए फरार


हरियाणा के Gurugram में गुरुवार सुबह सरेबाजार गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पैरोल पर आए एक पूर्व NSG कमांडो की बीच बाजार गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

युवक की हत्या के बाद मामले की जांच करती पुलिस टीम।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुंदर फौजी निवासी गांव कासन, थाना आईएमटी मानेसर के रूप में हुई है। वह अप्रैल 2018 में हुई पूर्व सरपंच की हत्या के मामले में आरोपी था और उसी केस में जेल में बंद था। हाल ही में वह पैरोल पर बाहर आया हुआ था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस वारदात को पूर्व सरपंच के बेटे ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि यह हमला पिता की हत्या का बदला लेने के लिए किया गया। आरोपी सरेआम बाजार में पहुंचे और सुंदर फौजी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

युवक की हत्या के बाद मौके पर जमा भीड़।

घटना के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत Haryana Police को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ पड़े सुंदर फौजी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं।

पुलिस का कहना है कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी जल्द की जा सके। इस वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।