नगर निगम और मेयर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
गुरुग्राम नगर निगम और मेयर कार्यालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस, बम स्क्वॉड और सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
- गुरुग्राम नगर निगम और मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली
- ई-मेल के जरिए भेजी गई धमकी के बाद कार्यालय खाली कराया गया
- पुलिस और बम निरोधक टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया
हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब नगर निगम कार्यालय और मेयर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस विभाग तुरंत अलर्ट मोड में आ गए।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम को एक संदिग्ध ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करते हुए कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को बाहर निकाल दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों की भी जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार का जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान करने में जुटी हुई है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि धमकी देने वाले तक पहुंचा जा सके।
इस घटना के बाद नगर निगम कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
Akhil Mahajan