हरियाणा में नगर निगम का हेल्पर ₹40 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार निर्माण कार्य न रुकवाने के बदले मांगी थी ₹50 हजार रिश्वत, एसीबी ने पकड़ा
गुरुग्राम में एसीबी ने नगर निगम के हेल्पर कपिल कुमार को ₹40 हजार रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी निर्माण कार्य न रुकवाने के बदले शिकायतकर्ता से ₹50 हजार की मांग कर रहा था।
■ गुरुग्राम नगर निगम का हेल्पर ₹40 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
■ निर्माण कार्य न रुकवाने के बदले मांगे थे ₹50 हजार, सौदा ₹40 हजार में तय
■ एसीबी ने ट्रैप लगाकर नगर निगम कार्यालय के बाहर दबोचा आरोपी
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने नगर निगम के एक हेल्पर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कपिल कुमार, निवासी गांव पलड़ा, थाना बादशाहपुर के रूप में हुई है। वह नगर निगम गुरुग्राम में हेल्पर के पद पर कार्यरत है।
एसीबी को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके घर में निर्माण कार्य चल रहा था। आरोपी हेल्पर कपिल कुमार ने निर्माण कार्य को न रुकवाने के बदले उससे ₹50 हजार की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के दौरान दोनों के बीच ₹40 हजार में सौदा तय हो गया।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी गुरुग्राम की टीम ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया। शिकायतकर्ता को तय राशि देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत के ₹40 हजार लिए, एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे नगर निगम कार्यालय के बाहर रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से रिश्वत की पूरी रकम ₹40 हजार बरामद कर ली गई। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी गई।
इस मामले में एसीबी गुरुग्राम थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
shubham