सस्ते सोने का जाल: करोड़ों की ठगी का पर्दाफाश, आदित्य पंचोली भी ठगी के शिकार, 4 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम में सस्ते सोने के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर करोड़ों की नगदी और सोना बरामद किया है।
■ सस्ते सोने का लालच देकर करोड़ों की ठगी
■ आदित्य पंचोली समेत कई लोगों को बनाया शिकार
■ मास्टरमाइंड सहित 4 आरोपी गिरफ्तार, कैश-ज्वेलरी बरामद
हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने सस्ते सोने के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह का तरीका बेहद शातिर था, जिसमें पहले असली सोना दिखाकर भरोसा जीतते और फिर बड़ी डील में नकली (पीतल) के सिक्के थमा देते थे। पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 2.30 करोड़ रुपए की नगदी और लगभग 678 ग्राम सोना बरामद किया है।
डीसीपी क्राइम हितेश यादव के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और पढ़े-लिखे व पैसे वाले लोगों को निशाना बनाता था। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गैंग ने बॉलीवुड अभिनेता आदित्य पंचोली और सलीम खान के पीए तक को अपना शिकार बना चुका है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब गुरुग्राम के एक एक्सपोर्टर ने थाना सुशांत लोक में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पहले उसे कुछ असली सोने और चांदी के सिक्के दिए, जिन्हें ज्वेलर्स से चेक कराने पर वे सही निकले। इससे भरोसा बन गया। बाद में आरोपी ने बड़ी डील के नाम पर 2.49 करोड़ रुपए नकद और करीब 50 तोला सोना ले लिया और बदले में नकली सिक्के दे दिए।
जांच के बाद मामला क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 को सौंपा गया, जिसने गुजरात में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सोलंकी प्रभुभाई गुलशनभाई उर्फ कल्पेश, पंकज शर्मा, मनीष कमलेश शाह और ईश्वर मारवाड़ी शामिल हैं। इनमें से दो को गुरुग्राम और दो को गुजरात से पकड़ा गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खुद को गरीब मजदूर बताकर लोगों से संपर्क करते थे। वे दावा करते थे कि खुदाई में सोने के सिक्के मिले हैं और पुलिस के डर से वे खुद इन्हें चेक नहीं करा सकते। जब लोग सिक्कों को चेक कराते, तो वे असली निकलते। इसके बाद आरोपी 25-30 लाख रुपए प्रति किलो के हिसाब से सौदा तय करते और लालच में आकर लोग बड़ी रकम दे देते। बाद में उन्हें सोने का पानी चढ़ा हुआ पीतल थमा दिया जाता।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह का सरगना प्रभुभाई पिछले 25 वर्षों से ठगी कर रहा है और उसके खिलाफ महाराष्ट्र व गुजरात में कई केस दर्ज हैं। ठगी के पैसों से उसने दिल्ली-मुंबई रोड पर होटल भी खरीदा और चार शादियां तक कीं। यहां तक कि उसने “लव यू” नाम की गुजराती फिल्म भी बनाई और राजनीति में भी पैर जमाने की कोशिश की।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े और खुलासे होने की संभावना है।
shubham