ट्रेन के आगे कूदी दंपत्ति, मौत, हाथों में टैटू से हो रही पहचान
गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर दंपती की मौत। पहचान नहीं, हाथों पर टैटू पुलिस के लिए बने अहम सुराग।
- गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर दंपती की मौत
- पति पहले ट्रैक पर कूदा, पत्नी बचाने दौड़ी, दोनों की मौके पर जान गई
- अब तक पहचान नहीं, हाथों पर टैटू पुलिस के लिए अहम सुराग बने
गुरुग्राम जिले के गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार देर शाम दर्दनाक हादसे में एक दंपती ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना दिल्ली की ओर जा रही ट्रेन संख्या 12249 स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस से जुड़ी है। हादसा इतना भीषण था कि पुरुष का शव करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया और उसके शरीर के कई टुकड़े हो गए।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दोनों रेलवे ट्रैक के किनारे बैठे हुए थे। जैसे ही ट्रेन पास आई, पुरुष अचानक पत्नी का हाथ छुड़ाकर ट्रैक पर कूद गया। उसे बचाने के लिए महिला भी पीछे-पीछे दौड़ी, लेकिन तेज रफ्तार ट्रेन दोनों को अपनी चपेट में ले गई।
लोको पायलट ने घटना की सूचना तुरंत गढ़ी हरसरू स्टेशन मास्टर और जीआरपी को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। रात अधिक होने के कारण पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया गया।
पुलिस के अनुसार, मृत पुरुष की उम्र करीब 45 वर्ष और महिला की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। दोनों पति-पत्नी होने की आशंका है। पहचान के लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों में शवों की जानकारी साझा की है।
पहचान के अहम सुराग भी सामने आए हैं। पुरुष के दाएं हाथ पर अंग्रेजी में ‘S’ टैटू बना हुआ है। महिला के हाथ पर ‘B’ टैटू, बाएं हाथ पर राजस्थानी आर्ट का टैटू और कमर पर बड़ा तिल मौजूद है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Author1