शराब है या हीरा? हरियाणा के ठेके में सजी इतने लाख की दारु की बोतल... एक घूंट की कीमत में आ जाएगा लग्जरी फ्लैट!"
गुरुग्राम के एमजी रोड स्थित जी टाउन वाइन शॉप पर 75 लाख रुपये की 50 साल पुरानी सिंगल माल्ट स्कॉच व्हिस्की चर्चा का विषय बनी हुई है। दुनिया में इसकी केवल 125 बोतलें बनाई गई हैं।
➤ गुरुग्राम की वाइन शॉप पर रखी 50 साल पुरानी स्कॉच व्हिस्की की कीमत 75 लाख रुपये
➤ दुनिया में सिर्फ 125 बोतलें तैयार हुईं, भारत में पहुंची एक दुर्लभ बोतल
➤ महंगी व्हिस्की के साथ लकी ड्रॉ का भी ऑफर, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
हरियाणा के गुरुग्राम में इन दिनों एक ऐसी प्रीमियम सिंगल माल्ट स्कॉच व्हिस्की चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसकी कीमत सुनकर हर कोई हैरान रह जाता है। एमजी रोड स्थित जी टाउन वाइन शॉप पर रखी इस व्हिस्की की कीमत 75 लाख रुपये बताई जा रही है। इसकी खासियत सिर्फ कीमत नहीं, बल्कि इसकी दुर्लभता और उम्र भी है।
जानकारी के अनुसार यह 50 साल पुरानी सिंगल माल्ट स्कॉच व्हिस्की है, जिसे स्कॉटलैंड में तैयार किया गया। दुनिया भर में इसकी केवल 125 बोतलें बनाई गई थीं और उन्हीं में से एक बोतल भारत लाई गई है। यही वजह है कि इसे देखने के लिए भी लोग बड़ी संख्या में दुकान पर पहुंच रहे हैं।
आखिर इतनी महंगी क्यों है यह व्हिस्की?
विशेषज्ञों के अनुसार सिंगल माल्ट स्कॉच व्हिस्की केवल मॉल्टेड जौ (Malted Barley) से बनाई जाती है। इसे एक ही डिस्टिलरी में तैयार किया जाता है और तांबे के पॉट स्टिल में डिस्टिल किया जाता है। इसके बाद इसे कई दशकों तक लकड़ी के बैरल में मैच्योर किया जाता है, जिससे इसका स्वाद, गुणवत्ता और दुर्लभता बढ़ जाती है।
यही लंबी मैच्योरिटी और सीमित उत्पादन इसकी कीमत को लाखों रुपये तक पहुंचा देता है।
खरीदने वाले को मिलेगा लकी ड्रॉ का मौका
दुकान संचालकों के अनुसार इस प्रीमियम व्हिस्की को खरीदने वाले ग्राहक को लकी ड्रॉ में शामिल होने का मौका भी मिलेगा, जिसमें एक बाइक जीतने की संभावना बताई गई है। हालांकि इतनी ऊंची कीमत के कारण यह व्हिस्की आम ग्राहकों की पहुंच से काफी दूर है।
देखने और फोटो खिंचवाने पहुंच रहे लोग
75 लाख रुपये की इस व्हिस्की को खरीदने से ज्यादा लोग देखने और उसके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए पहुंच रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इसके वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग इसकी कीमत को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
Akhil Mahajan