हरियाणा में बस पलटी, महिला समेत तीन की मौ*त, 12 घायल

फतेहाबाद से टोहाना आ रही प्राइवेट बस खेत में पलट गई। हादसे में महिला समेत 3 यात्रियों की मौत हुई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध जताया।

हरियाणा में बस पलटी, महिला समेत तीन की मौ*त, 12 घायल
  • फतेहाबाद से टोहाना आ रही प्राइवेट बस खेत में पलटी, 3 यात्रियों की मौत
  • हादसे में 12 यात्री घायल, स्थानीय लोगों ने शीशे तोड़कर बचाई जान
  • ग्रामीणों ने ड्राइवर-कंडक्टर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम की

हरियाणा के फतेहाबाद जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। फतेहाबाद से टोहाना आ रही एक 52 सीटर प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि एक महिला समेत तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद राज्यसभा सांसद सुभाष बराला भी मौके पर पहुंचे।

हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बस के शीशे तोड़े और यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से नागरिक अस्पताल टोहाना पहुंचाया गया।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। वो ड्राइवर-कंडक्टर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

मृतकों में होमगार्ड जवान बलविंदर सिंह, भौती देवी (31) और मोनी देवी (70) शामिल हैं। बलविंदर सिंह टोहाना सिटी थाना में तैनात थे और गांव डुल्ट के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।

पुलिस के अनुसार बस में करीब 50 से 55 यात्री सवार थे। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी बीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

धरने की जानकारी मिलते ही एसडीएम आकाश शर्मा और डीएसपी जय भगवान मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश करने लगे।

हादसे में घायल यात्रियों ने बस चालक पर लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के आरोप लगाए हैं। गांव चंदड़ निवासी यात्री राममेहर ने बताया कि ड्राइवर शुरू से ही बस को तेज गति से चला रहा था। गांव भौड़ी के पास कट पर बस को तेजी से मोड़ा गया, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया।

घटना की सूचना मिलने पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और प्रशासन को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा। ग्रामीणों ने ड्राइवर और कंडक्टर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर टोहाना-फतेहाबाद रोड जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हादसे के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए हैं।

धरने की सूचना मिलने पर एसडीएम आकाश शर्मा और डीएसपी जय भगवान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। डीएसपी ने आश्वासन दिया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी। हालांकि ग्रामीण गिरफ्तारी तक धरना जारी रखने की बात पर अड़े हुए हैं।