हरियाणा में दर्दनाक हादसा, निजी बस की टक्कर से मां-बेटे की मौत

फतेहाबाद के रतिया में लाली रोड पर निजी बस की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर मौत, परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर सड़क जाम किया।

हरियाणा में दर्दनाक हादसा, निजी बस की टक्कर से मां-बेटे की मौत

लाली रोड पर निजी बस और बाइक की टक्कर
मां-बेटे की मौके पर मौत
परिजनों व ग्रामीणों का हंगामा, सड़क जाम


फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र में सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। लाली रोड पर शिव मंदिर के पास एक तेज रफ्तार निजी बस और बाइक की टक्कर में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया और परिजनों व ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गांव खाई निवासी रोबिन अपनी माता कौशल्या बाई के साथ बाइक पर सवार होकर खाई से कलोठा होते हुए रतिया की ओर आ रहे थे। जैसे ही वे लाली रोड स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार निजी बस ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मां-बेटे की मौत से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस चालक की लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव उठाने से मना कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपी बस चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और निजी बस संचालकों की मनमानी पर सख्त कार्रवाई हो।

तनाव की सूचना मिलते ही रतिया पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को उचित कानूनी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया। इसके बावजूद परिजन चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे और लाली रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस लगातार लोगों को समझाने और यातायात बहाल करने का प्रयास कर रही है।