फतेहाबाद में बारिश से बिगड़े हालात: घग्गर नदी का जलस्तर 14200 क्यूसेक, तटबंध मजबूत करने में जुटे ग्रामीण

फतेहाबाद में बारिश से भूना शहर और आसपास के गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। समैन गांव में मकान की छत गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। घग्गर नदी का जलस्तर 14200 क्यूसेक पहुंचने पर ग्रामीण तटबंध मजबूत करने में लगे हैं।

फतेहाबाद में बारिश से बिगड़े हालात: घग्गर नदी का जलस्तर 14200 क्यूसेक, तटबंध मजबूत करने में जुटे ग्रामीण
इंटरनेट फोटो

➤ फतेहाबाद में बारिश से जलभराव, भूना शहर सबसे ज्यादा प्रभावित
➤ समैन गांव में मकान की छत गिरी, एक व्यक्ति की मौत
➤ घग्गर नदी का जलस्तर 14200 क्यूसेक पहुंचा, ग्रामीण तटबंध मजबूत करने में जुटे

फतेहाबाद जिले में बुधवार को भी लगातार बारिश की स्थिति बनी हुई है। भूना शहर में जलभराव से लोग बुरी तरह परेशान हैं। शहर से पानी निकालने के लिए दिन-रात मोटरें चलाई जा रही हैं, लेकिन हालात बिगड़े हुए हैं। गांव ढाणी सांचला और आसपास के खेतों से आया पानी शहर में घुस गया है। इस पानी को बाहर निकालने के लिए 20 मोटरें और सिंचाई विभाग की तीन बड़ी मोटरें लगाई गई हैं।

मंगलवार देर रात 10 बजे डीसी मनदीप कौर खुद भूना पहुंची और रात 12 बजे तक अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दूसरी ओर, जाखल, टोहाना और भूना ब्लॉक के स्कूलों में तीन दिन की छुट्टी घोषित कर दी गई है। भूना क्षेत्र के 10 से ज्यादा गांवों में पानी भर गया है।

टोहाना के गांव समैन में मंगलवार देर रात बारिश के कारण एक मकान की छत गिर गई। हादसे में रणधीर सोनी (49) की मौत हो गई। रणधीर मजदूरी करता था और मकान निर्माण कार्य चलने के कारण पड़ोसी का घर किराए पर लिया हुआ था। हादसे के समय वह अकेला घर में था, जबकि उसकी पत्नी और बेटे अस्पताल में भर्ती छोटे बेटे के पास थे।

जाखल क्षेत्र में घग्गर नदी का जलस्तर बढ़कर 14200 क्यूसेक पहुंच गया है। मंगलवार शाम 5 बजे तक यह आंकड़ा 14000 क्यूसेक था, जबकि मंगलवार सुबह तक 13400 क्यूसेक दर्ज किया गया था। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ग्रामीण तटबंध और रिंग बांधों को मजबूत करने में लगे हैं।

नगरपालिका प्रशासन की ओर से भूना में उधम सिंह चौक पर मिट्टी के कट्टे लगाकर पानी को रोकने की कोशिश की गई। इसके अलावा, मंगलवार देर रात 1 बजे भगत सिंह पार्क से बड़ी मोटर लगाकर पाइप लाइन के जरिए पानी को माइनर में निकालना शुरू किया गया।

नगरपालिका चेयरपर्सन अपर्णा पसरीजा के पति पंकज पसरीजा और पार्षदों की टीमें भी रातभर पानी निकालने और व्यवस्थाएं संभालने में जुटी रहीं। हालात को काबू में लाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है।