साथी को बचाने टैंक में उतरा युवक भी नहीं बच सका, जहरीली गैस से दोनों दोस्तों की मौत
जीवन नगर स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में जहरीली गैस और टैंक में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।
- फरीदाबाद के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में दर्दनाक हादसा, 2 युवकों की मौत
- जहरीली गैस चढ़ने से बिगड़ा संतुलन, टैंक में गिरने से गई जान
- साथी को बचाने उतरा युवक भी हादसे का शिकार, जांच में जुटी पुलिस
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित जीवन नगर पार्ट-1 में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। नगर निगम के सरकारी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में सफाई कार्य के दौरान दो युवकों की टैंक में गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 6 बजे की है। प्लांट ऑपरेटर शिवम कुमार ने बताया कि मृतक आकाश और अमन लंबे समय से संयंत्र में कार्यरत थे। आकाश करीब तीन साल से जबकि अमन डेढ़ साल से यहां काम कर रहा था। दोनों की उम्र लगभग 26 वर्ष थी और दोनों अविवाहित थे।
बताया गया कि सुबह ठेकेदार की ओर से टैंक की सफाई और उसमें चैन लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसी कार्य के लिए दोनों कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे। सफाई के दौरान आकाश सेफ्टी बेल्ट बांधकर टैंक के अंदर उतर रहा था। तभी टैंक के भीतर मौजूद जहरीली गैस के प्रभाव से उसका संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान उसकी सेफ्टी बेल्ट भी टूट गई और वह सीधे टैंक के अंदर जा गिरा।
अपने साथी को मुसीबत में देखकर अमन तुरंत उसे बचाने के लिए नीचे उतरा, लेकिन दुर्भाग्यवश उसका भी पैर फिसल गया और वह भी टैंक में गिर गया। देखते ही देखते दोनों युवक जहरीली गैस और टैंक के भीतर फंस गए।
हादसे के दौरान एक अन्य कर्मचारी विपिन भी दोनों को बचाने के लिए नीचे उतरने लगा था। उसने भी सेफ्टी बेल्ट बांधी हुई थी, लेकिन जहरीली गैस का असर उस पर भी होने लगा। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने समय रहते उसे ऊपर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव अभियान शुरू किया गया और टैंक में फंसे युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक एक युवक के शव को बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरे को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
मुजेसर थाना पुलिस के एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना सुबह करीब 6:30 बजे मिली थी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में टैंक के भीतर मौजूद जहरीली गैस, सुरक्षा उपकरणों की विफलता और सेफ्टी बेल्ट टूटना हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं बरती गई।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। दोनों युवक अपने परिवारों का सहारा थे और उनकी असमय मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
Akhil Mahajan