हरियाणा में पेयजल संकट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, विभाग को 24 घंटे का अल्टीमेटम

Hansi News, Drinking Water Crisis, Haryana Water Supply, Dhani Qutubpur, Water Protest, Public Health Engineering, Haryana News, CityTehlka

हरियाणा में पेयजल संकट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, विभाग को 24 घंटे का अल्टीमेटम

हांसी के ढाणी कुतुबपुर में पेयजल संकट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

24 घंटे में समाधान नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

ग्रामीण बोले- खारे पानी से बढ़ रहे त्वचा रोग और अन्य बीमारियां

हरियाणा के हांसी स्थित ढाणी कुतुबपुर गांव में लंबे समय से चल रहे पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार रात बड़ी संख्या में ग्रामीण गांव के वाटर बॉक्स पर एकत्र हुए और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार खारा पानी मिल रहा है, जबकि नहरी पानी की आपूर्ति नियमित नहीं हो रही।

ग्रामीणों ने विभाग को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि तय समय के भीतर स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे चनौत गांव की तर्ज पर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन शुरू करेंगे।

गांव निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता राहुल शर्मा ने बताया कि गांव के वाटर बॉक्स के सभी टैंक नहरी पानी से भरे हुए हैं, लेकिन मोटर खराब होने के कारण उसकी सप्लाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि जब मोटर ठीक होती है तो कोई दूसरी तकनीकी खराबी सामने आ जाती है, जिससे पेयजल आपूर्ति फिर बाधित हो जाती है।

ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें मजबूरन ट्यूबवेल के खारे पानी या अन्य वैकल्पिक स्रोतों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि लंबे समय तक खारे पानी के उपयोग से गांव में सोरायसिस, स्किन एलर्जी और अन्य त्वचा संबंधी बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत केंद्र पर कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अधिकारी केवल कागजों में समाधान दिखाकर शिकायतें बंद कर देते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी रहती है।

विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद जल विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से संपर्क किया और 24 घंटे के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। अब ग्रामीण विभाग की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।