'रामायण' के ट्रेलर ने जीता बॉलीवुड का दिल, सेलेब्स ने की जमकर तारीफ

नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' के ट्रेलर को भूमि पेडनेकर, जैकी भगनानी, जोया अख्तर समेत कई बॉलीवुड सितारों ने सराहा। फिल्म दिवाली पर रिलीज होगी।

'रामायण' के ट्रेलर ने जीता बॉलीवुड का दिल, सेलेब्स ने की जमकर तारीफ

'रामायण' के ट्रेलर को बॉलीवुड सितारों ने जमकर सराहा

भूमि पेडनेकर, जैकी भगनानी, जोया अख्तर समेत कई सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर दी प्रतिक्रिया

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ, फिल्म दिवाली पर होगी रिलीज


निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आए हैं। ट्रेलर को दर्शकों के साथ-साथ बॉलीवुड के कई बड़े सितारों ने भी सराहा है। सोशल मीडिया पर फिल्म की भव्यता, विजुअल्स और स्टारकास्ट की जमकर चर्चा हो रही है।

सबसे पहले भूमि पेडनेकर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ट्रेलर साझा करते हुए इसे शानदार बताया। उन्होंने लिखा कि वह इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। उनके अनुसार 'रामायण' सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि वैश्विक स्तर का सिनेमाई अनुभव बनने जा रही है।

जैकी भगनानी ने भी फिल्म की पूरी टीम की खुलकर तारीफ की। उन्होंने निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी को इस विजन को साकार करने के लिए बधाई दी। जैकी ने रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की परफॉर्मेंस की सराहना की। साथ ही अपनी पत्नी रकुल प्रीत सिंह, जो फिल्म में शूर्पणखा की भूमिका निभा रही हैं, उन पर गर्व जताते हुए दर्शकों से ट्रेलर देखने की अपील की।

फिल्ममेकर जोया अख्तर ने भी ट्रेलर पर उत्साह जताया। उन्होंने करण जौहर की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा कि वह इस फिल्म का इंतजार नहीं कर सकतीं। गौरतलब है कि धर्मा प्रोडक्शंस उत्तर भारत में फिल्म के वितरण से जुड़ा हुआ है।

अभिनेत्री सरगुन मेहता ने भी ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा कि अच्छाई का युग आ गया है। उन्होंने इसे भारतीय सिनेमा के लिए गर्व का क्षण बताते हुए 'जय श्री राम' लिखा और फिल्म को दुनिया के सामने भारतीय संस्कृति की भव्य प्रस्तुति बताया।

अभिनेता नवीन पॉलीशेट्टी, जिन्होंने पहले नितेश तिवारी के साथ फिल्म 'छिछोरे' में काम किया था, ने ट्रेलर को एपिक बताया। उन्होंने निर्देशक के विजन की प्रशंसा करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 'रामायण' का निर्माण करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में किया जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, विवेक ओबेरॉय, सौरभ सचदेवा और रकुल प्रीत सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग 8 नवंबर को दिवाली के अवसर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा भाग 2027 में दर्शकों के बीच आएगा।