100 करोड़ ठेके के सामने कारोबारी का बेरहमी से क*त्ल :फ्लोवर शॉप में खून से लथपथ शव मिला
गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-1 में फूल कारोबारी संजय की दुकान के अंदर हत्या कर दी गई। सिर पर भारी हथियार से वार के निशान मिले। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।
➤ गुरुग्राम के पॉश डीएलएफ फेज-1 में फूल कारोबारी की बेरहमी से हत्या
➤ दुकान के अंदर खून से लथपथ मिला शव, सिर पर भारी हथियार से वार के निशान
➤ पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी, हत्या के पीछे की वजह खंगाली जा रही
गुरुग्राम के पॉश डीएलएफ फेज-1 इलाके में दिनदहाड़े सामने आई हत्या की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक, जी-टाउन वाइन शॉप और ब्रिस्टल होटल के सामने स्थित एक फूलों की दुकान में कारोबारी का खून से लथपथ शव मिलने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
फूलों की दुकान के अंदर पड़ा मिला शव
मृतक की पहचान बिहार के मोतिहारी निवासी संजय के रूप में हुई है। वह 'खुशी फ्लोरिस्ट' नाम की दुकान पर काम करता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसके सिर पर किसी भारी हथियार से कई वार किए गए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुकान के अंदर और आसपास खून फैला हुआ मिला।
भाई के फोन के बाद खुला हत्या का राज
पास की दुकान चलाने वाले दीपक यादव ने बताया कि दुकान संचालक राजा ने उसे फोन कर कहा कि उसके भाई संजय के साथ कुछ अनहोनी हो गई है और वह तुरंत दुकान के अंदर जाकर देखे। जब दीपक दुकान के भीतर पहुंचा तो वहां का दृश्य बेहद भयावह था। संजय खून से लथपथ पड़ा था और उसके सिर पर गहरे घाव थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
फॉरेंसिक टीम जुटी, हर एंगल से जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पॉश इलाके में हत्या से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वह गुरुग्राम के सबसे व्यस्त और हाई-प्रोफाइल इलाकों में गिना जाता है। ऐसे इलाके में दुकान के अंदर कारोबारी की हत्या होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Akhil Mahajan