बस ड्राइवर के घर छाप में 28.5 करोड़ कैश और 15 किलो सोना मिला, नोट गिनते-गिनते 5 मशीनें बैठ गईं

पूर्व बस ड्राइवर के घर छापेमारी में 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलो सोना बरामद हुआ। नोट गिनते-गिनते पांच मशीनें खराब हो गईं। आरोपी गिरफ्तार, पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

बस ड्राइवर के घर छाप में 28.5 करोड़ कैश और 15 किलो सोना मिला,  नोट गिनते-गिनते 5 मशीनें बैठ गईं

➤ घर में मिला 28.5 करोड़ रुपये कैश, नोट गिनने में 5 मशीनें खराब

➤ 15 किलो सोना और करोड़ों की नकदी के साथ पूर्व बस ड्राइवर गिरफ्तार

➤ जांच में सामने आया पत्थर कारोबार, कई बड़े नाम भी जांच के दायरे में


एक ऐसे शख्स के घर छापेमारी हुई, जिसे कभी सरकारी बस चलाने वाला ड्राइवर कहा जाता था। लेकिन जब पुलिस टीम अंदर पहुंची तो हर कमरे से नोटों से भरे बैग, अलमारियां और सोने के बिस्किट निकलने लगे। हालत यह हो गई कि करोड़ों रुपये गिनते-गिनते पांच करेंसी काउंटिंग मशीनें जवाब दे गईं। यह कार्रवाई अब पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है।

आरोपी के घर से मिले करोड़ों रुपए 25 बैग में जब्त किए गए। वहीं सोने के छोटे और बड़े साइज के 24 बिस्किट मिले।

पहले 20 करोड़ मिले, सुबह तक रकम पहुंच गई 28.5 करोड़

गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी में शुरुआत में करीब 20 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए। लेकिन पूरी रात चली गिनती के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 28.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। पुलिस ने नकदी को 25 बैगों में भरकर जब्त किया। इसके अलावा घर से 15 किलो सोना भी बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

बस ड्राइवर से बना कारोबारी, अब गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा

गिरफ्तार आरोपी मिनार मंडल पहले राज्य परिवहन विभाग में बस ड्राइवर था। बाद में वह पत्थर कारोबार से जुड़ गया। पूछताछ में उसने दावा किया कि बरामद नकदी और सोना उसका नहीं, बल्कि उसके रिश्तेदार और कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

100 करोड़ की शादी वाला नाम फिर आया चर्चा में

फरार तुलु मंडल वही कारोबारी बताया जा रहा है, जिसकी बेटी की आलीशान शादी पिछले साल सुर्खियों में रही थी। उस शादी में कथित तौर पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होने की चर्चा हुई थी और कई फिल्मी हस्तियां भी शामिल हुई थीं। अब इस छापेमारी के बाद उसका नाम एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

सरकारी राजस्व में गड़बड़ी की भी जांच

जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह रकम पत्थर खदानों से वसूले गए सरकारी राजस्व से जुड़ी हो सकती है। आरोप है कि टैक्स वसूली में करोड़ों रुपये की अनियमितताएं हुईं। हालांकि, इन आरोपों की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष आना बाकी है।

राजनीतिक बयानबाजी भी तेज

इतनी बड़ी बरामदगी के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं। विभिन्न नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और पुलिस की कार्रवाई की सराहना भी की है।

आखिर कहां हुई इतनी बड़ी कार्रवाई?

यह पूरी कार्रवाई पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने पूर्व बस ड्राइवर से कारोबारी बने मिनार मंडल के घर छापेमारी कर 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलो सोना बरामद किया। मामले में मिनार मंडल गिरफ्तार है, जबकि उसका रिश्तेदार तुलु मंडल फरार है।