हरियाणा में भोले की भक्त की कांवड़ पर हड्डी फेंकी, खंडित होने पर बिलखकर रोया
पानीपत के शिवभक्त ने कैराना में कांवड़ पर हड्डी फेंके जाने का आरोप लगाया। घटना के बाद हंगामा हुआ, जबकि यूपी पुलिस ने जांच में अलग दावा करते हुए कहा कि हड्डी मिट्टी से बाहर आई थी।
➤ पानीपत के कांवड़िए ने चार युवकों पर हड्डी फेंकने का आरोप लगाया
➤ बेटी के जन्म की खुशी में हरिद्वार से दंडवत कांवड़ ला रहा था युवक
➤ यूपी पुलिस बोली- पुरानी हड्डी मिट्टी से बाहर आई, जांच में फेंकने की पुष्टि नहीं
हरियाणा के पानीपत निवासी एक शिवभक्त कांवड़िए की दंडवत कांवड़ को लेकर उत्तर प्रदेश के कैराना में विवाद खड़ा हो गया। पीड़ित कांवड़िए धर्मवीर उर्फ नाथी (एमडी रावल) ने आरोप लगाया कि एक मस्जिद के पास मौजूद चार युवकों ने उनकी कांवड़ पर हड्डी का टुकड़ा फेंक दिया, जिससे कांवड़ की पवित्रता भंग हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य कांवड़ियों ने हंगामा कर दिया और पुलिस प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।
हालांकि, शामली पुलिस ने इस दावे से अलग पक्ष रखा है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में किसी के द्वारा हड्डी फेंकने की पुष्टि नहीं हुई है। उनके अनुसार सड़क किनारे मिट्टी में दबी पुरानी हड्डी वाहनों की आवाजाही या हलचल के कारण ऊपर आ गई थी। मामले की जांच जारी है।
बेटी के जन्म की खुशी में निकला था दंडवत कांवड़ यात्रा पर
धर्मवीर ने बताया कि वह अपनी बेटियों के जन्म की खुशी में 1 जुलाई को हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। गंगाजल लेने के बाद वह दंडवत कांवड़ यात्रा करते हुए पानीपत लौट रहे थे। उनका कहना है कि कैराना के काकोर क्षेत्र में घटना के बाद उनकी कांवड़ खंडित हो गई, जिससे वह भावुक होकर रो पड़े।
कांवड़ियों ने किया हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद अन्य कांवड़िए भी मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने के बाद माहौल शांत हुआ।
SDM ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
पीड़ित का कहना है कि अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद कांवड़ यात्रा आगे बढ़ाई गई। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
Akhil Mahajan