नीरज बवाना गैंग के नाम पर झूठी फिरौती का खेल : फायरिंग के पीछे निकला विदेश में बैठे पड़ोसी का हाथ
नीरज बवाना गैंग के नाम पर 10 लाख की फिरौती मांगने का मामला फर्जी निकला, जमीनी विवाद में पड़ोसी ने 60 हजार में कराई फायरिंग।
• नीरज बवाना गैंग के नाम पर 10 लाख की फिरौती मांगने वाला बदमाश गिरफ्तार
• शराब कारोबारी के ऑफिस पर गोली चलाकर दहशत फैलाने की साजिश
• जमीनी विवाद में पड़ोसी ने 60 हजार में कराई फायरिंग
संंदीप शर्मा
पानीपत: नीरज बवाना गैंग के नाम पर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने एक बदमाश को काबू किया है। यह फिरौती देशराज कॉलोनी स्थित शराब कारोबारी इंद्रजीत के ऑफिस पर गोली चलाकर मांगी गई थी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
जांच में सामने आया है कि इस मामले का नीरज बवाना गैंग से कोई सीधा संबंध नहीं है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सिर्फ गैंग का नाम इस्तेमाल कर कारोबारी को डराने की कोशिश की थी।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि विदेश में रह रहे शराब कारोबारी के पड़ोसी ने ही जमीनी विवाद की रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिलवाया। आरोपी पड़ोसी ने महज 60 हजार रुपये में एक बदमाश को गोली चलाने के लिए हायर किया था।
गोली चलाने वाला आरोपी बदमाश पेशे से एक बेकरी में काम करता था और उसे पूरी साजिश के तहत फायरिंग के लिए भेजा गया था। वारदात के बाद पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस अब मामले में पड़ोसी की भूमिका, लेन-देन और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Akhil Mahajan