प्रेमांनद महाराज ने DUSU प्रेसिडेंट से कहा- नशा न करें, दोस्तों को भी इसस दूर रखें और परिवार का हरियाणा में शराब कारोबार
DUSU अध्यक्ष आर्यन मान वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से मिले। नशे और गलत आचरण से दूर रहने की सलाह पर वीडियो वायरल, सोशल मीडिया में बहस तेज।
- DUSU अध्यक्ष आर्यन मान ने वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से लिया मार्गदर्शन
- महाराज की नशे और गलत आचरण से दूर रहने की सलाह पर वीडियो वायरल
- शराब कारोबारी परिवार से जुड़ाव के कारण सोशल मीडिया पर उठे सवाल
दिल्ली विश्वविद्यालय स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) के अध्यक्ष और बहादुरगढ़ निवासी आर्यन मान हाल ही में प्रेमानंद महाराज की शरण में पहुंचे। इस दौरान हुई मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें प्रेमानंद महाराज आर्यन मान को युवाओं को नशे और गलत आचरण से दूर रखने की सलाह देते नजर आ रहे हैं।
यह वीडियो 6 जनवरी का बताया जा रहा है। आर्यन मान अपने दोस्तों के साथ वृंदावन में दर्शन के लिए पहुंचे थे। वीडियो में आर्यन मान ने प्रेमानंद महाराज से सवाल किया कि देश के युवा भक्ति मार्ग पर किस तरह आगे बढ़ सकते हैं। इस पर महाराज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भक्ति मार्ग कठिन हो सकता है, लेकिन गलत मार्ग पर नहीं चलना चाहिए।
प्रेमानंद महाराज ने कहा कि आज का युवा नशे, व्यसन और गलत संबंधों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड संस्कृति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि दोस्ती गलत नहीं है, लेकिन उसे गलत दिशा में नहीं ले जाना चाहिए। सच्चा दोस्त वही है, जो आपको गलत रास्ते से सही रास्ते पर लाए।
महाराज ने आर्यन मान को विशेष रूप से सलाह दी कि DUSU अध्यक्ष होने के नाते वे अपने दोस्तों और साथियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बनना भगवान की कृपा है, इसलिए इसका सही उपयोग होना चाहिए।
आर्यन मान ने इस मुलाकात का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया, जिसके बाद इस पर तेज प्रतिक्रियाएं आने लगीं। चर्चा की बड़ी वजह यह रही कि आर्यन मान का परिवार हरियाणा में शराब के बड़े कारोबार से जुड़ा हुआ है। इसी को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स ने तंज कसने शुरू कर दिए।
एक यूजर ने कमेंट किया कि पिता शराब के ठेकेदार हैं और बेटा नशे से दूर रहने की सीख ले रहा है। वहीं, कुछ यूजर्स ने महाराज की बातों की सराहना करते हुए आर्यन मान को बार-बार मार्गदर्शन लेने की सलाह दी।
गौरतलब है कि आर्यन मान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के टिकट पर DUSU अध्यक्ष चुने गए हैं। चुनाव से पहले भी वे प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लेने पहुंचे थे।
आर्यन मान वर्तमान में लाइब्रेरी साइंस से MA कर रहे हैं। उनका एडमिशन स्पोर्ट्स कोटे से दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में हुआ था। कॉलेज में पढ़ाई के दौरान ही वे ABVP से जुड़े और छात्र राजनीति में सक्रिय हुए।
साल 2025 के DUSU चुनाव में ABVP ने उन्हें अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया, जहां उन्होंने रिकॉर्ड 16,196 वोटों से जीत दर्ज की। आर्यन मान के पिता सिकंदर मान ADS स्पिरिट्स प्राइवेट लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं, जबकि उनके बड़े भाई विराट मान कंपनी के CEO हैं।
चुनाव के दौरान आर्यन मान को कई फिल्मी और खेल जगत की हस्तियों का समर्थन भी मिला। अभिनेता संजय दत्त, रणदीप हुड्डा, सांसद रवि किशन, बिंदू दारा सिंह, पूर्व क्रिकेटर अनिल चौधरी और हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने खुले तौर पर उनके समर्थन में प्रचार किया था।
Akhil Mahajan