कुत्तों को लेकर बीच सड़क पर भिड़ी महिलाएं, बाल नोचे, धक्‍का मुक्‍की

गुरुग्राम में आवारा कुत्तों को पकड़ने गई नगर निगम टीम और डॉग लवर्स के बीच विवाद, दो परिवारों की महिलाओं में मारपीट, वीडियो वायरल, जांच शुरू।

कुत्तों को लेकर बीच सड़क पर भिड़ी महिलाएं,  बाल नोचे,  धक्‍का मुक्‍की


निगम टीम और डॉग लवर्स में कहासुनी, वीडियो वायरल
सरकारी कार्रवाई के दौरान बदसलूकी के आरोप, जांच की तैयारी


हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार को आवारा कुत्तों को पकड़ने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। नगर निगम की टीम जब कुत्तों को पकड़ने पहुंची, तो वहां मौजूद कुछ डॉग लवर्स ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान कुत्तों से परेशान दूसरे परिवारों ने इसका विरोध किया और देखते ही देखते मामला तीखी बहस से मारपीट तक पहुंच गया

दो परिवारों की महिलाएं कहासुनी के बाद हाथापाई करने लगीं।

घटना के दौरान दो परिवारों की महिलाएं आमने-सामने आ गईं और दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि महिलाओं ने एक-दूसरे के बाल खींचे और जमीन पर गिराकर मारपीट की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गुरुग्राम में कुत्तों को पकड़ने को लेकर आपस में लड़ाई करती महिलाएं और परिवार के अन्य लोग।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही नगर निगम की टीम आवारा कुत्तों को पकड़ने लगी, कुछ लोगों ने इसे रोकने की कोशिश की। वहीं, इलाके के अन्य निवासी, जो कुत्तों से परेशान थे, उन्होंने टीम का समर्थन किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो बाद में झगड़े में बदल गई।

मामला बढ़ता देख आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। इस बीच नगर निगम टीम के साथ बदसलूकी के भी आरोप सामने आए हैं। निगम कर्मचारियों का कहना है कि कुछ लोगों ने ड्राइवर से गाड़ी की चाबी छीनने की कोशिश की और टीम के मोबाइल फोन लेकर अपने घर में घुस गए।

आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए आई नगर निगम की टीम की गाड़ी रोककर खड़ी महिला।

निगम अधिकारियों के अनुसार, दो दिन पहले ही स्थानीय लोगों ने आवारा कुत्तों के हमलों और डर के माहौल की शिकायत की थी। इसी शिकायत के आधार पर टीम कार्रवाई करने पहुंची थी।

फिलहाल, पूरे मामले को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है और वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।