हिसार के बाद दिग्विजय चौटाला पर कुरुक्षेत्र में FIR दर्ज
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम के दौरान तोड़फोड़ के मामले में दिग्विजय चौटाला समेत 9 नेताओं पर FIR दर्ज। 80 कुर्सियां टूटने और हंगामे का आरोप।
■ दिग्विजय चौटाला पर कुरुक्षेत्र में FIR दर्ज
■ यूनिवर्सिटी प्रोग्राम में तोड़फोड़, 80 कुर्सियां तोड़ी गईं
■ मंजूरी देने वाले प्रोफेसर पहले ही सस्पेंड
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में जजपा नेता दिग्विजय चौटाला पर FIR दर्ज की गई है। यह मामला कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (KU) में हुए एक कार्यक्रम के दौरान तोड़फोड़ और हंगामे से जुड़ा हुआ है। इस केस में दिग्विजय चौटाला के साथ जजपा के 8 अन्य पदाधिकारियों को भी नामजद किया गया है।
7 अप्रैल के कार्यक्रम से जुड़ा मामला
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा विवाद 7 अप्रैल को KU के डॉ. आरके सदन में आयोजित कार्यक्रम से शुरू हुआ। कार्यक्रम को सामाजिक उद्देश्य (नशे के खिलाफ जागरूकता) के नाम पर मंजूरी दी गई थी, लेकिन आरोप है कि वहां राजनीतिक भाषण दिए गए और माहौल बिगाड़ा गया।
बाहरी लोगों की एंट्री, भारी नुकसान
KU के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर (CSO) आनंद कुमार की शिकायत के अनुसार, कार्यक्रम में 300-400 लोग शामिल हुए, जिनमें कई बाहरी लोग भी थे।
इस दौरान करीब 80 कुर्सियां तोड़ी गईं और यूनिवर्सिटी की अन्य प्रॉपर्टी को भी नुकसान पहुंचाया गया।
इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 324(4), 329(3) और 61 के तहत मामला दर्ज किया है।
जिन लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है, उनमें दिग्विजय चौटाला, डॉ. जसविंदर खैहरा, विशाल मुकुमपुरा, नवीन सुहाग, दीपक मलिक, राजेश पायलट, मंजू जाखड़, राजू कुल, माही और इशिका राणा शामिल हैं।
प्रोफेसर को पहले ही किया जा चुका सस्पेंड
इस मामले में कार्रवाई करते हुए KU प्रशासन ने हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर अजायब सिंह को पहले ही सस्पेंड कर दिया था, जिन्होंने इस कार्यक्रम के लिए मंजूरी दिलवाई थी।
जजपा का पलटवार- सरकार के इशारे पर कार्रवाई
FIR के बाद जजपा नेताओं ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताया है।
यूथ जजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. जसविंदर खैहरा ने कहा कि यह कार्यक्रम एक सामाजिक आयोजन था और दिग्विजय चौटाला ने केवल कुछ मिनट ही भाषण दिया था।
उन्होंने यह भी कहा कि नुकसान की भरपाई करने के लिए वे तैयार थे, लेकिन इसके बावजूद सरकार के दबाव में कार्रवाई की गई।
इनसो ने माना- कुर्सियां टूटीं
कार्यक्रम के आयोजक विशाल मुकुमपुरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में माना कि कुर्सियां टूटी थीं और उन्होंने यूनिवर्सिटी को नुकसान की भरपाई करने की बात भी कही थी।
ABVP ने लगाए गंभीर आरोप
इस मामले में ABVP (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) ने भी इनसो पर हंगामा, तोड़फोड़ और छात्राओं से छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
pooja