गन प्वाइंट पर वन दरोगा की पीटाई करने के बाद खैर लकड़ी से भरी पिकअप लेकर तस्कर फुर्र
पंचकूला में खैर तस्करी रोकने पहुंचे वन दरोगा से मारपीट कर मोबाइल छीना गया। आरोपियों ने पिस्टल से गोली मारने की धमकी दी और पिकअप लेकर फरार हुए।
➤ पंचकूला में वन दरोगा से मारपीट कर मोबाइल छीना, खैर लकड़ी से भरी पिकअप लेकर तस्कर फरार
➤ पिस्टल निकालकर गोली मारने की धमकी दी, दरोगा ने आरोपी से मोबाइल वापस छीना और तस्वीरें खींचीं
➤ बंटी और रवि के खिलाफ केस दर्ज, रवि पहले भी खैर तस्करी में पकड़ा जा चुका; तलाश में छापेमारी
पंचकूला में अवैध खैर लकड़ी की तस्करी रोकने पहुंचे वन विभाग के कर्मचारी के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। ड्यूटी पर तैनात वन दरोगा को रोककर तस्करों ने उसके साथ हाथापाई की और मोबाइल फोन छीन लिया। आरोप है कि इसके बाद एक आरोपी ने गाड़ी से पिस्टल निकालकर वन दरोगा को गोली मारने की धमकी भी दी।
मामले में आरोपी खैर की लकड़ी से भरी महिंद्रा पिकअप गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। वन दरोगा ने कड़ी मशक्कत के बाद दूसरे आरोपी से अपना मोबाइल वापस छीना और उसकी तस्वीरें भी खींच लीं। इसके बाद वह आरोपी भी नदी पार करके सूरजपुर की तरफ पैदल भाग गया।
वन दरोगा की शिकायत पर पिंजौर थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों से मिली थी अवैध खैर लकड़ी ले जाने की सूचना
कालका रेंज के वन दरोगा सचिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 सितंबर को उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से सूचना मिली थी कि एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी में अवैध खैर की लकड़ी भरकर सुरजपुर-सुखोमाजरी बाईपास की तरफ ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही वह तुरंत बाईपास की तरफ पहुंचे। वहां उन्हें संदिग्ध पिकअप गाड़ी एक ढाबे पर खड़ी मिली। वन दरोगा ने गाड़ी के चालक को रोककर पूछताछ करने की कोशिश की।
इसी दौरान चालक ने ढाबे पर मौजूद अपने दूसरे साथी को बुला लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने वन दरोगा के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
धक्का-मुक्की के दौरान वन दरोगा का मोबाइल छीना
वन दरोगा सचिन के अनुसार, दोनों आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
वन दरोगा ने आरोपियों को रोकने और कार्रवाई करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों आरोपी उनके साथ उलझते रहे। इसी दौरान ढाबे पर मौजूद दूसरे आरोपी ने चालक को गाड़ी लेकर वहां से निकलने के लिए कहा।
मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि आरोपी ने चालक से गाड़ी में रखी पिस्टल निकालकर उसे देने को कहा।
'गाड़ी से पिस्टल निकाल, इसे गोली मारता हूं'
शिकायत के मुताबिक, हाथापाई के दौरान ढाबे पर मौजूद आरोपी ने चालक को चिल्लाकर कहा कि वह तुरंत गाड़ी लेकर भागे और गाड़ी में रखी पिस्टल निकालकर दे, ताकि वह वन दरोगा को गोली मार सके।
इसके बाद चालक ने महिंद्रा पिकअप को तेज रफ्तार में चलाया और सुखोमाजरी की तरफ फरार हो गया। पिकअप में खैर की लकड़ी भरी हुई थी।
इस दौरान वन दरोगा ने दूसरे आरोपी से अपना मोबाइल वापस लेने के लिए प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने उससे मोबाइल वापस छीना और आरोपी की तस्वीरें भी खींच लीं।
नदी पार कर सूरजपुर की तरफ पैदल भागा दूसरा आरोपी
मोबाइल वापस मिलने के बाद वन दरोगा ने आरोपी की तस्वीरें ले लीं। इसके बाद दूसरा आरोपी भी वहां से भाग निकला। बताया गया है कि वह नदी पार करके सूरजपुर की तरफ पैदल चला गया।
वन विभाग की ओर से घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी।
बंटी और रवि के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अमरावती पुलिस चौकी के ASI चिरंजी लाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 221, 132, 351, 3(5), 303 और वन अधिनियम 1927 की धारा 32, 33 के तहत मुकदमा नंबर 283 दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान खड़कुआ निवासी बंटी और हरिपुर गांव निवासी रवि के तौर पर हुई है।
पुलिस अब दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
रवि पहले भी खैर तस्करी में पकड़ा जा चुका
पुलिस के अनुसार आरोपी रवि पहले भी खैर तस्करी के मामले में पकड़ा जा चुका है। ऐसे में पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड और इस मामले में उसकी भूमिका को भी जांच में शामिल कर रही है।
फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं। वहीं वन विभाग के कर्मचारी के साथ मारपीट, मोबाइल छीनने और पिस्टल से गोली मारने की धमकी देने की घटना ने मामले को गंभीर बना दिया है।
Akhil Mahajan