पाकिस्तानी पत्रकार ने किया ‘धुरंधर’ का समर्थन, बोले- फिल्म में दिखाया गया सच
पाकिस्तानी पत्रकार आरिफ अजाकिया ने रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर का समर्थन करते हुए कहा कि फिल्म में दिखाए गए कराची और लयारी के कई दृश्य वास्तविकता के करीब हैं।
पाकिस्तानी पत्रकार ने फिल्म ‘धुरंधर’ के कई दृश्यों को बताया हकीकत के करीब
कराची के लयारी इलाके में दिखाए गए गैंगस्टर नेटवर्क को बताया वास्तविक
आरिफ अजाकिया बोले- फिल्म में जो दिखाया गया, वह मैंने खुद देखा है
रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर’ एक बार फिर चर्चा में आ गई है। फिल्म की कहानी और उसमें दिखाए गए घटनाक्रम को लेकर लंबे समय से बहस चल रही थी। अब इस विवाद के बीच एक पाकिस्तानी पत्रकार ने फिल्म का समर्थन करते हुए बड़ा दावा किया है।
पाकिस्तानी पत्रकार आरिफ अजाकिया ने कहा है कि फिल्म में कराची के लयारी इलाके और वहां सक्रिय अपराधी नेटवर्क को जिस तरह दिखाया गया है, वह वास्तविकता के काफी करीब है। उनका कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में उन परिस्थितियों को करीब से देखा है।
हाल ही में एक पत्रकारिता कार्यक्रम के दौरान बातचीत में आरिफ अजाकिया ने बताया कि उनका जन्म और पालन-पोषण कराची के लयारी इलाके में हुआ है। उन्होंने कहा कि फिल्म में दिखाए गए कई दृश्य और घटनाएं उन्हें अपने अनुभवों से जुड़ी हुई लगीं।
आरिफ अजाकिया ने कहा, “मैं लयारी में पैदा हुआ और वहीं बड़ा हुआ हूं। फिल्म में जो दिखाया गया है, वह काफी हद तक सच है।” उनके इस बयान के बाद फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है।
उन्होंने अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए बताया कि उनके माता-पिता मूल रूप से गुजरात के जूनागढ़ से थे। उन्होंने कहा कि भले ही उनका जन्म कराची में हुआ हो, लेकिन वह खुद को भारतीय मूल का मानते हैं।
फिल्म ‘धुरंधर’ में एक भारतीय एजेंट की कहानी दिखाई गई है, जो एक गुप्त मिशन पर काम करता है। फिल्म में आतंकवाद, खुफिया अभियान और सीमा पार गतिविधियों जैसे विषयों को प्रमुखता से दिखाया गया है।
फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और राकेश बेदी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। रिलीज के बाद से फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन किया और लगातार चर्चाओं में बनी हुई है।
pooja