चंबा में दर्दनाक हादसा: साच पास जाते समय खाई में गिरी टूरिस्टों की टैक्सी, 2 बच्चों समेत 8 की मौत

हिमाचल प्रदेश के चंबा में साच पास मार्ग पर पर्यटकों से भरी टैक्सी 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। रेस्क्यू अभियान जारी है।

चंबा में दर्दनाक हादसा: साच पास जाते समय खाई में गिरी टूरिस्टों की टैक्सी, 2 बच्चों समेत 8 की मौत

➤ बेंगलुरु से आए दो परिवारों के 8 लोगों की गई जान

➤ साच पास में बर्फ देखने जाते समय 500 मीटर गहरी खाई में गिरी टैक्सी

➤ दुर्गम पहाड़ियों और खराब मौसम के बीच चलाया जा रहा रेस्क्यू अभियान


हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। हादसा बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर हुआ, जहां पर्यटकों से भरी एक टैक्सी सड़क से करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सभी मृतक बेंगलुरु से आए पर्यटक बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चंबा के दुर्गम क्षेत्र में खाई में गिरी गाड़ी।

बर्फ देखने निकले थे दोनों परिवार

जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु से आए दो परिवारों ने चंबा के डलहौजी से एक मारुति अर्टिगा टैक्सी बुक की थी। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सभी लोग साच पास जोत क्षेत्र में बर्फबारी और पहाड़ों का आनंद लेने के लिए रवाना हुए थे।

शाम तक जब टैक्सी वापस नहीं लौटी तो वाहन मालिक को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उसने वाहन की GPS लोकेशन चेक की। लोकेशन में गाड़ी कालावन क्षेत्र के पास एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दे रही थी और उसमें कोई गतिविधि नजर नहीं आ रही थी।

चंबा के दुर्गम क्षेत्र में खाई में गिरी गाड़ी।

GPS लोकेशन से चला हादसे का पता

वाहन मालिक की सूचना के बाद स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की गई। शनिवार दोपहर बाद पता चला कि वाहन गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

हालांकि अत्यंत दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, खड़ी ढलान और खराब मौसम के कारण शुक्रवार रात शवों को बाहर निकालना संभव नहीं हो पाया।

ह्यूमन चेन और रस्सियों के सहारे चल रहा रेस्क्यू

स्थानीय प्रशासन ने शनिवार सुबह से रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया। शवों को खाई से निकालने के लिए ह्यूमन चेन बनाई गई है तथा रस्सियों की मदद ली जा रही है। पहाड़ी इलाका इतना कठिन है कि रेस्क्यू टीम को नीचे पहुंचने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन के अनुसार सभी शवों को निकालने के बाद उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा और फिर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

मोबाइल नेटवर्क भी बना बड़ी चुनौती

हादसा जिस क्षेत्र में हुआ है, वहां मोबाइल नेटवर्क की सुविधा लगभग नहीं के बराबर है। इसी वजह से प्रशासन को रेस्क्यू टीम से लगातार संपर्क बनाए रखने में भी कठिनाई हो रही है।

फिलहाल हादसे के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

मृतकों की पहचान का इंतजार

प्रशासन की ओर से अभी मृतकों की विस्तृत पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। शवों को बाहर निकालने और पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।