सलमान खान डरते हैं कोई आकर मार देगा, मुकाम धाम में आकर माफी मांगें लें, हम करेंगे सुरक्षा

बिश्नोई महासभा अध्यक्ष देवेंद्र बुड़िया ने सलमान खान से मुकाम आकर माफी मांगने को कहा और माफी के बाद समाज की ओर से सुरक्षा देने की बात कही।

सलमान खान डरते हैं कोई आकर मार देगा, मुकाम धाम में आकर माफी मांगें लें, हम करेंगे सुरक्षा

➤ देवेंद्र बुड़िया ने सलमान खान से मुकाम धाम जाकर माफी मांगने को कहा
➤ बुड़िया बोले- माफी मांगने पर समाज सलमान की सुरक्षा भी करेगा
➤ लॉरेंस को ‘भाई और बच्चा’ बताते हुए कार्यक्रम में मोबाइल फ्लैश जलाकर समर्थन मांगा


हिसार। अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र बुड़िया ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को लेकर एक बार फिर बयान दिया है। राजस्थान के जोधपुर जिले के जाजीवाल धोरा में आयोजित खीर महोत्सव के दौरान मंच से बुड़िया ने कहा कि यदि सलमान खान बिश्नोई समाज के पवित्र धार्मिक स्थल मुकाम पहुंचकर समाज से माफी मांगते हैं, तो समाज उन्हें माफ कर देगा और उनकी सुरक्षा भी करेगा। इसी दौरान उन्होंने सलमान खान को लेकर यह भी कहा कि अभिनेता इस बात को लेकर डरे हुए हैं कि कोई आकर उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है।

बुड़िया ने मंच से कहा कि यदि सलमान खान शांति चाहते हैं तो उन्हें बीकानेर स्थित बिश्नोई समाज के पवित्र स्थल मुकाम आकर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद समाज उन्हें माफ करने के साथ उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी लेने के लिए तैयार है।

लॉरेंस को बताया भाई और बच्चा

कार्यक्रम के दौरान देवेंद्र बुड़िया ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस को लेकर भी अपना समर्थन दोहराया। उन्होंने उसे समाज का भाई और बच्चा बताते हुए कहा कि उसके मुंह से गुरु महाराज के लिए यह बात निकल गई थी कि सलमान खान यदि मुकाम आकर समाज से माफी मांग लेते हैं तो उनकी ओर से और समाज की ओर से उन्हें माफ कर दिया जाएगा।

बुड़िया ने अपने संबोधन में कहा कि सलमान खान यदि जीव रक्षा के रास्ते पर आगे बढ़ते हैं तो उनका डर हमेशा के लिए खत्म हो सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि फायरिंग जैसी हिंसा गलत है और दोनों पक्षों से गलतियां हुई हैं।

कार्यक्रम में मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर समर्थन मांगा

खीर महोत्सव के कार्यक्रम में बुड़िया ने मौजूद लोगों से अपने मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट चालू करने को कहा। उन्होंने इसे लॉरेंस के समर्थन और सलमान खान से मुकाम आकर माफी मांगने की मांग से जोड़ा।

बुड़िया इससे पहले भी लॉरेंस के समर्थन में बयान दे चुके हैं। करीब छह दिन पहले उन्होंने कहा था कि लॉरेंस के खिलाफ अभी तक कोई अपराध सिद्ध नहीं हुआ है, इसलिए वह उनके लिए हीरो है। उन्होंने यह भी कहा था कि सलमान खान के पास अभी मुकाम जाकर माफी मांगने का मौका है और समाज की धार्मिक मान्यताओं के तहत माफी पर विचार किया जा सकता है।

कनाडा में बिश्नोई युवाओं के मुद्दे पर भी उठा चुके हैं आवाज

देवेंद्र बुड़िया हाल में कनाडा में रह रहे बिश्नोई समाज के युवाओं के साथ कथित भेदभाव का मुद्दा भी उठा चुके हैं। उन्होंने इस मामले में कनाडा दूतावास को पत्र लिखकर बिश्नोई समाज को निशाना नहीं बनाए जाने की मांग की थी।

इसी दौरान लॉरेंस को लेकर उनके बयानों ने भी चर्चा बटोरी थी। उन्होंने लॉरेंस को लेकर अपने समर्थन का सार्वजनिक रूप से इजहार किया था।

कुलदीप बिश्नोई से विवाद के कारण भी रहे चर्चा में

देवेंद्र बुड़िया इससे पहले हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई के साथ विवाद को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं। बुड़िया ने कुलदीप बिश्नोई पर महासभा से इस्तीफा देने के लिए दबाव बनाने और धमकी देने के आरोप लगाए थे।

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच महासभा के स्तर पर भी बड़े फैसले हुए। देवेंद्र बुड़िया ने कुलदीप बिश्नोई से बिश्नोई रत्न वापस ले लिया था, जबकि कुलदीप बिश्नोई ने देवेंद्र बिश्नोई को महासभा के प्रधान पद से हटाकर दूसरे व्यक्ति को प्रधान बनाए जाने का फैसला किया था। दोनों पक्षों के बीच यह विवाद कानूनी स्तर पर भी जारी बताया गया है।