डॉक्टर और एजेंट पर अनमैरिड लड़कियों के बच्चों की डील कराने के गंभीर आरोप
बिहार के सीवान में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग लड़कियों के शोषण, हार्मोनल इंजेक्शन और बच्चों की खरीद-फरोख्त के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्टिंग ऑपरेशन के बाद पुलिस जांच शुरू हो गई है।
■ ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग लड़कियों और बच्चों की खरीद-फरोख्त का आरोप
■ डॉक्टर और एजेंट पर अनमैरिड लड़कियों के बच्चों की डील कराने के गंभीर आरोप
■ हार्मोनल इंजेक्शन देकर कम उम्र की लड़कियों को जल्दी बड़ा दिखाने का दावा
बिहार के सीवान और आसपास के इलाकों में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में कथित तौर पर नाबालिग लड़कियों के शोषण, बच्चों की खरीद-फरोख्त और हार्मोनल इंजेक्शन के इस्तेमाल का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक मीडिया इन्वेस्टिगेशन में दावा किया गया है कि एजेंट कम उम्र की लड़कियों को बहला-फुसलाकर इस नेटवर्क में लाते हैं और फिर उन्हें जबरन ऐसे माहौल में धकेला जाता है, जहां उनका शारीरिक और मानसिक शोषण होता है।
इन्वेस्टिगेशन में यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ एजेंट और अस्पतालों से जुड़े लोग अनमैरिड लड़कियों के बच्चों को “सेट” कराने के नाम पर पैसों की डील करते हैं।
“लड़की सुंदर है, 5 लाख तक मिल जाएंगे”
स्टिंग ऑपरेशन के दौरान कथित एजेंट “विक्की” ने रिपोर्टर से बातचीत में दावा किया कि कम उम्र और सुंदर लड़कियों की लाखों रुपये में डील कराई जाती है। बातचीत में यह भी आरोप सामने आया कि लड़कियों को “नजरबंद” रखकर काम कराया जाता है ताकि वे भाग न सकें।
इन्वेस्टिगेशन में डॉक्टर और एजेंट के बीच हुई कथित बातचीत में अनमैरिड लड़की के बच्चे को बेचने जैसी गंभीर बातें सामने आईं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
बच्चों की खरीद-फरोख्त का आरोप
रिपोर्ट में दावा किया गया कि कुछ मामलों में लड़कियों के प्रेग्नेंट होने के बाद उनके बच्चों को पैसों के बदले दूसरे लोगों को सौंपने की व्यवस्था की जाती है।
स्टिंग में सामने आए कथित ऑडियो और बातचीत के अनुसार, कुछ लोग अस्पताल में डिलीवरी कराने और “कस्टमर” तलाशने तक की बातें कर रहे थे। यह भी आरोप लगाया गया कि अस्पताल और एजेंट के बीच लंबे समय से सांठगांठ चल रही थी।
हार्मोनल इंजेक्शन देकर “बड़ा” दिखाने का दावा
इन्वेस्टिगेशन का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा वह था, जिसमें दावा किया गया कि नाबालिग लड़कियों को समय से पहले शारीरिक रूप से बड़ा दिखाने के लिए हार्मोनल इंजेक्शन दिए जाते हैं।
कुछ लड़कियों ने आरोप लगाया कि उन्हें “मोटी होने” या “जल्दी जवान दिखने” के नाम पर लगातार इंजेक्शन लगाए गए। विशेषज्ञों के अनुसार बिना मेडिकल जरूरत के ऐसे हार्मोनल इंजेक्शन शरीर के लिए बेहद खतरनाक हो सकते हैं और लंबे समय में गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं।
लड़कियों ने सुनाई दर्दभरी कहानी
इन्वेस्टिगेशन के दौरान कई लड़कियों ने दावा किया कि उन्हें सोशल मीडिया, नौकरी या प्यार के झांसे में फंसाकर इस दुनिया में लाया गया। कुछ ने आरोप लगाया कि बॉयफ्रेंड बनकर एजेंट उन्हें यहां तक लेकर आए और बाद में छोड़ दिया।
कुछ लड़कियों ने यह भी कहा कि उन पर जबरन प्रेग्नेंट होने का दबाव बनाया जाता था और विरोध करने पर मारपीट की जाती थी।
पुलिस कार्रवाई की तैयारी में
मामले के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। संबंधित जिले के एसपी ने कहा है कि स्टिंग ऑपरेशन और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच की जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो सख्त कार्रवाई होगी।
फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है और कई पहलुओं की पुष्टि की जा रही है।
pooja