फंदे पर लटकी मिली विवाहिता, दहेज प्रताड़ना के आरोप

भिवानी के दिनोद गांव में हिसार की विवाहिता फंदे पर लटकी मिली। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।

फंदे पर लटकी मिली विवाहिता, दहेज प्रताड़ना के आरोप

भिवानी में विवाहिता फांसी के फंदे पर लटकी मिली

मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना के लगाए आरोप

पति, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू

हरियाणा के भिवानी जिले के गांव दिनोद में एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान करीब 20 वर्षीय आरती के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हिसार के आर्य नगर की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार आरती की शादी 7 दिसंबर 2024 को भिवानी के गांव दिनोद में हुई थी।

मृतका के चाचा रणजीत ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही आरती को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि कई बार दोनों परिवारों के बीच समझौते और बातचीत की कोशिश हुई, लेकिन ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला।

परिजनों का आरोप है कि ससुराल वाले लगातार मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान की मांग कर रहे थे। दहेज को लेकर आरती को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे वह काफी परेशान रहती थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई सत्यपाल के अनुसार, आरती कमरे के अंदर पंखे से चुन्नी के सहारे लटकी मिली। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने परिवार के लोगों की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा।

घटना की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और परिजनों के बयान दर्ज किए।

पुलिस ने मृतका के चाचा रणजीत की शिकायत पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई में जुटी है।