भिवानी के उज्ज्वल ने UPSC में पाया 174वां रैंक, घर लौटने पर स्वागत, बोले- परिवार का रहा सहयोग, देश सेवा करूंगा
भिवानी के गांव धनाना निवासी उज्ज्वल घनघस ने UPSC परीक्षा में 174वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। तीसरे प्रयास में सफलता पाने वाले उज्ज्वल का घर लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग और कड़ी मेहनत को दिया है।
■ भिवानी के गांव धनाना निवासी उज्ज्वल घनघस ने UPSC में हासिल की 174वीं रैंक
■ घर लौटने पर गांव और शहर में हुआ भव्य स्वागत, लोगों ने किया सम्मानित
■ तीसरे प्रयास में मिली सफलता, बोले- परिवार के सहयोग से पूरा हुआ सपना
भिवानी, सिटी तहलका
हरियाणा के भिवानी जिले के गांव धनाना के रहने वाले उज्ज्वल घनघस ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 174वीं रैंक हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। रविवार को जब उज्ज्वल अपने घर लौटे तो गांव और शहर के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और उज्ज्वल को फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।
उज्ज्वल घनघस ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार को देते हुए कहा कि उन्होंने अधिकतर पढ़ाई घर पर रहकर की है। कई बार उनके पिता भी उन्हें पढ़ाते थे और पढ़ाई के लिए लगातार प्रेरित करते थे। उन्होंने बताया कि इससे पहले वह दो बार UPSC परीक्षा दे चुके थे, लेकिन उन प्रयासों में सफलता नहीं मिल पाई। हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यह सफलता हासिल की।
उज्ज्वल ने बताया कि उन्होंने अपनी पढ़ाई दिल्ली में रहकर की और यूपीएससी की तैयारी के दौरान रोज कई घंटों तक अध्ययन किया। उनका कहना है कि इस सफलता के पीछे परिवार का पूरा सहयोग रहा है। परिवार के हर सदस्य ने उन्हें मानसिक और शैक्षणिक रूप से समर्थन दिया, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता गया।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो उज्ज्वल घनघस ने दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। वह पढ़ाई के दौरान काफी अनुशासित दिनचर्या अपनाते थे और नियमित रूप से लंबे समय तक अध्ययन करते थे।
उज्ज्वल के पिता प्रदीप घनघस दिल्ली पुलिस में एसएचओ के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता पूनम गृहिणी हैं। उनके दादा हरीराम और दादी शकुंतला देवी दोनों ही रिटायर्ड पीटीआई रह चुके हैं। परिवार में शिक्षा और अनुशासन का माहौल रहा है, जिसने उज्ज्वल को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उज्ज्वल ने कहा कि यूपीएससी में सफलता मिलने के बाद अब उनका लक्ष्य देश सेवा करना है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी और पोस्टिंग मिलेगी, उसमें पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करेंगे और समाज व देश के लिए बेहतर योगदान देने का प्रयास करेंगे।
Akhil Mahajan