फर्जी बाबा ने 4700 करोड़ का झांसा देकर 5 करोड़ ठगे, हिप्नोटाइज कर ऐंठे कैश और जेवर
Bhiwani, Fake Baba, Fraud Case, Hypnosis, Haryana Crime, 5 Crore Fraud, Crime News, CityTehlka, Breaking News
➤ 4700 करोड़ दिलाने का झांसा देकर 5 करोड़ की कथित ठगी का आरोप
➤ हिप्नोटाइज कर विदेश से हवन सामग्री मंगाने के नाम पर लिए कैश और जेवर
➤ पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश तेज
हरियाणा के भिवानी में एक व्यक्ति से 4700 करोड़ रुपये दिलाने का झांसा देकर करीब 5 करोड़ रुपये की कथित ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि एक कथित बाबा और उसके साथियों ने उसे हिप्नोटाइज कर करोड़ों रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए रकम हासिल कर ली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता बलवान सिंह, निवासी चिड़ियाघर रोड पंचायत पॉकेट, भिवानी, ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि जून 2025 में उसकी मुलाकात बिहार निवासी शत्रुघ्न से बिजनेस के सिलसिले में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और शत्रुघ्न का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया।
पीड़ित के अनुसार सितंबर 2025 में शत्रुघ्न ने उसे राजस्थान के ध्यान योग केंद्र से जुड़े कथित आनंद स्वामी के बारे में बताया। उसने दावा किया कि बाबा अपनी कथित शक्तियों से रुपये कई गुना बढ़ा देता है। इसके बाद उसे बाबा से मिलने की सलाह दी गई और एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से मुलाकात तय कराई गई।
बलवान सिंह का आरोप है कि 30 सितंबर 2025 को वह देहरादून पहुंचा, जहां करीब पांच दिन बाद उसकी बाबा से मुलाकात हुई। बाबा ने दावा किया कि उसे सात साल पहले उसके पास आना चाहिए था। विश्वास जीतने के लिए उसने कथित तौर पर कुछ वीडियो और दस्तावेज भी दिखाए तथा यह दावा किया कि बड़े अधिकारी और मंत्री भी उससे सलाह लेते हैं।
शिकायत में कहा गया है कि बाबा ने उसे हिप्नोटाइज किया और अपने हाथों से 500-500 रुपये के नोट निकालकर दिखाए। इसके बाद कहा गया कि 4700 करोड़ रुपये प्राप्त करने के लिए विशेष हवन कराना होगा, जिसकी सामग्री विदेश से मंगानी पड़ेगी और इस पर करीब 5 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पीड़ित का आरोप है कि इसी झांसे में आकर उसने हवन के नाम पर 1 करोड़ 49 लाख रुपये, 2 किलो सोने के आभूषण और 15 किलो चांदी के आभूषण बाबा को सौंप दिए। इसके अलावा 19 से 22 दिसंबर 2025 के बीच 12 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और 22 दिसंबर को 6 लाख रुपये अलग से भेजे। बाद में 25 लाख रुपये नकद और 1 किलो सोने के आभूषण भी भिवानी स्थित घर पर आरोपियों को दिए गए।
बलवान सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे धर्म परिवर्तन की धमकी भी दी। उसके अनुसार 23 अप्रैल को आरोपियों से आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत कर दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में लगाए गए आरोपों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan