अवैध पीवीसी गोदाम में भीषण आग, युवक जिंदा जला

बहादुरगढ़ के छोटूराम नगर में अवैध पीवीसी गोदाम में लगी भीषण आग में एक युवक जिंदा जला, प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल।

अवैध पीवीसी गोदाम में भीषण आग, युवक जिंदा जला

अवैध पीवीसी गोदाम में भीषण आग, युवक जिंदा जला
एक एकड़ में फैले कबाड़ में लगी आग, सब कुछ खाक
अवैध कारोबार पर प्रशासन की लापरवाही फिर उजागर


बहादुरगढ़ के छोटूराम नगर में बीती रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक अवैध पीवीसी गोदाम में भीषण आग लगने से एक युवक जिंदा जल गया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

जानकारी के अनुसार आग करीब एक एकड़ में फैले पीवीसी कबाड़ में लगी थी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान कबाड़ के साथ-साथ वहां मौजूद झुग्गी, मशीनें और अन्य सामान भी जलकर राख हो गए।

इस हादसे में झुग्गी में सो रहा एक प्रवासी युवक जिंदा जल गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गोंडा निवासी शिवबाबू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब ढाई महीने पहले ही यहां रहने आया था और इसी कबाड़ गोदाम में काम करता था।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था और युवक की जान नहीं बचाई जा सकी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में रखवाया। अधिकारियों के अनुसार मृतक के परिजनों के बयान के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी

इस घटना ने एक बार फिर बहादुरगढ़ में अवैध पीवीसी कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगहों पर ऐसे अवैध ठिकाने चल रहे हैं, जहां आए दिन आग लगने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

लोगों का आरोप है कि यह कारोबार न सिर्फ हादसों को न्योता दे रहा है, बल्कि इलाके की आबोहवा में जहर भी घोल रहा है। बावजूद इसके प्रशासन केवल कागजी कार्रवाई और नोटिस देने तक सीमित नजर आता है।

स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि प्रशासन इस पर सख्त कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।