हरियाणा की लेडी डॉन अनुराधा बनीं जुड़वा बेटियों की मां, IVF से हुआ जन्म, 4 घंटे की पैरोल पर मिलने पहुंचा पति काला जठेड़ी

पूर्व लेडी डॉन अनुराधा चौधरी ने गुरुग्राम के निजी अस्पताल में IVF तकनीक से जुड़वा बेटियों को जन्म दिया। काला जठेड़ी 4 घंटे की कस्टडी पैरोल पर पत्नी और बच्चियों से मिलने पहुंचा।

हरियाणा की  लेडी डॉन अनुराधा  बनीं जुड़वा बेटियों की मां, IVF से हुआ जन्म,  4 घंटे की पैरोल पर मिलने पहुंचा पति काला जठेड़ी

अनुराधा चौधरी ने IVF तकनीक से जुड़वा बेटियों को दिया जन्म

4 घंटे की कस्टडी पैरोल पर पत्नी और बेटियों से मिलने पहुंचा काला जठेड़ी

कोर्ट की अनुमति के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल पहुंचा गैंगस्टर


हरियाणा की पूर्व लेडी डॉन अनुराधा चौधरी उर्फ मैडम मिंज के घर खुशियां आई हैं। अनुराधा ने 38 वर्ष की उम्र में IVF (इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन) तकनीक के जरिए गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में जुड़वा बेटियों को जन्म दिया है। प्रसव के दौरान तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने सीजेरियन डिलीवरी कराई। फिलहाल मां और दोनों बच्चियों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

उधर, तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी ने पत्नी और नवजात बेटियों से मिलने के लिए दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में याचिका दायर की थी। अदालत ने मामले को मानवीय आधार पर देखते हुए उसे 4 घंटे की कस्टडी पैरोल मंजूर कर दी। कोर्ट ने अनुमति देने से पहले अस्पताल और मेडिकल रिकॉर्ड का भी सत्यापन कराया।

बुधवार को अदालत के आदेश के अनुसार काला जठेड़ी कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुग्राम के निजी अस्पताल पहुंचा। वहां उसने पत्नी अनुराधा और अपनी दोनों बेटियों से मुलाकात की। सुरक्षा कारणों और परिवार की निजता को ध्यान में रखते हुए अदालत ने अस्पताल का नाम सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश दिए थे।

गिरफ्तारी के वक्त काला जठेड़ी और अनुराधा चौधरी।

एक साल पहले शुरू हुई थी IVF प्रक्रिया

जानकारी के अनुसार, अनुराधा चौधरी ने करीब एक वर्ष पहले IVF प्रक्रिया शुरू कराई थी। इसके लिए अदालत की अनुमति से काला जठेड़ी का स्पर्म सैंपल जेल परिसर में चिकित्सा प्रक्रिया के तहत लिया गया था। इससे पहले जठेड़ी ने संतान प्राप्ति के लिए पैरोल की मांग की थी, जिसे अदालत ने अस्वीकार कर दिया था। बाद में कोर्ट ने मेडिकल प्रक्रिया के जरिए पिता बनने की अनुमति दी।

काला जठेड़ी की पत्नी लेडी डॉन अनुराधा।

2024 में हुई थी हाई-प्रोफाइल शादी

काला जठेड़ी और अनुराधा चौधरी की शादी 12 मार्च 2024 को हुई थी। शादी के लिए अदालत ने काला जठेड़ी को 6 घंटे की कस्टडी पैरोल दी थी। उस समय समारोह के दौरान 250 से अधिक पुलिसकर्मी और कमांडो सुरक्षा में तैनात रहे थे।

12 मार्च 2024 को गैंगस्टर काला जठेड़ी और लेडी डॉन अनुराधा की सोनीपत में शादी हुई थी। जठेड़ी को कड़ी सुरक्षा के बीच तिहाड़ जेल से लाया गया था।

कैसे हुई मुलाकात

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और गुरुग्राम पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच काला जठेड़ी को बुधवार सुबह अस्पताल लाया गया। वह करीब दो घंटे तक पत्नी और नवजात बच्चियों के साथ रहा। इस दौरान दोनों परिवारों के कुछ सदस्य भी मौजूद रहे। सुरक्षा कारणों से अस्पताल परिसर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

अपराध जगत की चर्चित जोड़ी

काला जठेड़ी पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में हत्या, रंगदारी, फिरौती और संगठित अपराध से जुड़े 30 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं अनुराधा चौधरी का नाम भी पहले राजस्थान के चर्चित अपराध मामलों में सामने आ चुका है। अनुराधा का कहना है कि उनके खिलाफ दर्ज सभी मामले अब समाप्त हो चुके हैं और वह वर्तमान में पारिवारिक जीवन पर ध्यान दे रही हैं।