मंत्री अनिल विज ने खुद लगवाए 'मुर्दाबाद' के नारे, बोले- दोबारा लगाओ... मजा आ रहा
अंबाला में बिजली कर्मचारियों के प्रदर्शन के दौरान मंत्री अनिल विज ने खुद अपने खिलाफ मुर्दाबाद के नारे दोबारा लगाने को कहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
➤ अंबाला में प्रदर्शन कर रहे बिजली कर्मचारियों के बीच पहुंचे मंत्री अनिल विज
➤ खुद ही बोले- मेरे मुर्दाबाद के नारे दोबारा लगाओ, मजा आ रहा
➤ 5 हजार से अधिक कर्मचारियों ने मांगों को लेकर किया आवास घेराव, 20 अगस्त को CM आवास घेरने की चेतावनी
हरियाणा के अंबाला कैंट में गुरुवार को उस समय एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब बिजली निगम के पांच हजार से अधिक कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर कैबिनेट मंत्री अनिल विज के आवास का घेराव करने पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान मंत्री विज खुद कर्मचारियों के बीच पहुंच गए और अपने खिलाफ लग रहे 'मुर्दाबाद' के नारों को दोबारा लगाने के लिए कहने लगे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान जब कर्मचारी मंत्री के आवास की ओर पैदल मार्च कर रहे थे, तभी अनिल विज का काफिला वहां से गुजरा। विज ने अपनी गाड़ी रुकवाई और खुद नीचे उतरकर कर्मचारियों के साथ पैदल चलने लगे। इस दौरान कर्मचारी सरकार और मंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
इसी बीच मंत्री विज ने मुस्कुराते हुए कर्मचारियों से कहा, "आप मेरे मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे, एक बार दोबारा लगाओ... मजा आ रहा।" जब कर्मचारी "हर जोर-जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है" का नारा लगा रहे थे, तब विज ने जवाब दिया, "हर जोर-जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है... और अनिल विज तुम्हारा है।" इस पर मौके पर मौजूद लोगों के बीच हल्की मुस्कान और चर्चा का माहौल बन गया।
प्रदर्शन के बाद मंत्री अनिल विज ने यूनियन प्रतिनिधियों से ज्ञापन लिया और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को लेकर जल्द यूनियन और अधिकारियों की बैठक कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि बैठक कुछ दिन बाद होगी, क्योंकि उनका भाई फिलहाल चंडीगढ़ PGI में भर्ती है।
प्रदर्शन का नेतृत्व हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्ज यूनियन ने किया। यूनियन के राज्य प्रधान इकबाल चंदाना ने बताया कि कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली, रिस्क अलाउंस, होम सर्कल सुविधा, ऑनलाइन ट्रांसफर नीति समाप्त करने, इंटर यूटिलिटी ट्रांसफर और HKRN कर्मचारियों को समान काम-समान वेतन व नियमित करने जैसी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
यूनियन ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो 20 अगस्त को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो 29 और 30 सितंबर को दो दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल की जाएगी।
मंत्री को ज्ञापन देने पर अड़े कर्मचारी
आंदोलनरत कर्मी मंत्री विज के शास्त्री कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचे और ज्ञापन देने की मांग पर अड़ गए। शाम 7:20 बजे मंत्री विज पहुंचे तो यूनियन ने ज्ञापन दिया। करीब 7:30 बजे प्रदर्शन खत्म किया। इस दौरान मंत्री विज और कर्मचारियों में बातचीत भी हुई।
अनिल विज: मैं 10-15 दिन के बाद का टाइम दे सकता हूं। कर्मचारी: मंजूर है, मंजूर है।
अनिल विज: तुम्हारी चिट्ठी आ जाएगी। 10-15 बंदे जिन पर तुम लोगों को भरोसा हो। कर्मचारी: वार्ता समिति है हमारी।
अनिल विज: ठीक है जी। दफ्तर में बैठकर बात करेंगे ना? कर्मचारी: पहले भी तो मीटिंग ली थी?
अनिल विज: आप आ जाना, सारे अफसर बैठा दूंगा। एक-एक पॉइंट पर बात कर लेंगे। जो हो सकते होंगे, पक्का करेंगे। कर्मचारी: धन्यवाद।
इसके बाद मंत्री विज दोबारा माइक संभालते है।
अनिल विज: एक बार मेरे आने से पहले जो मुर्दाबाद वाले, दूसरे वाले नारे लगा रहे थे, वो लगा दो। मजा आ जाएगा। कर्मचारी: हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है।
अनिल विज: आप कह रहे हो जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है…, लो अनिल विज तुम्हारा है।
Akhil Mahajan